मेरठ- दिल्ली नमोभारत में यात्रियों के लिए ट्रिप पास शुरू:90 दिन तक रहेगा वैध, एक रूट पर पहले से कर सकेंगे भुगतान
मेरठ दिल्ली के बीच चलने वाली नमो भारत में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए एनसीआरटीसी ने नई सुविधा शुरू की है। अब एनसीएमसी कार्ड यूजर्स ‘ट्रिप पास’ खरीद सकेंगे। इसके जरिए यात्री एक तय स्टेशन से दूसरे तय स्टेशन के बीच पहले से कई यात्राओं का भुगतान कर सकेंगे। इससे बार-बार टिकट खरीदने और एनसीएमसी कार्ड रिचार्ज कराने की जरूरत कम होगी। नमो भारत में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की है, जो रोजाना एक ही रूट पर आते-जाते हैं। ट्रिप पास खासतौर पर ऐसे यात्रियों के लिए शुरू किया गया है। पास एनसीएमसी कार्ड पर लोड होने के बाद तय स्टेशनों के बीच यात्रा करने पर एक ट्रिप अपने आप कट जाएगी। सराय काले खां से मोदीपुरम तक स्टैंडर्ड कोच का किराया 210 रुपए और प्रीमियम कोच का किराया 250 रुपए है। एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट में अधिकतम 2 हजार रुपए तक रिचार्ज किया जा सकता है। रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह राशि कुछ ही दिनों में खत्म हो सकती है। ट्रिप पास से यात्री पहले ही कई यात्राओं का भुगतान कर सकेंगे। 1 से 40 ट्रिप तक के विकल्प ट्रिप पास में 1, 2, 5, 10, 15, 20 और 40 ट्रिप के विकल्प दिए गए हैं। 1 ट्रिप का पास 15 दिन, 2 से 10 ट्रिप का पास 30 दिन, 15 और 20 ट्रिप का पास 60 दिन और 40 ट्रिप का पास 90 दिन तक वैध रहेगा। 1, 2, 5 और 10 ट्रिप वाले पास नॉन-रिफंडेबल हैं। 15, 20 और 40 ट्रिप वाले पास पर रिफंड के समय 200 रुपए एडमिन फीस काटी जाएगी। अगर यात्री तय रूट के बजाय किसी दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करता है तो उस यात्रा का किराया ट्रिप पास से नहीं कटेगा। ऐसी स्थिति में सामान्य किराया एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से लिया जाएगा। इसलिए अतिरिक्त यात्रा के लिए वॉलेट में पर्याप्त बैलेंस रखना जरूरी होगा। 10% छूट और लॉयल्टी पॉइंट भी नमो भारत यात्री हर यात्रा पर 10% की छूट का लाभ भी ले सकते हैं। एनसीएमसी कार्ड से यात्रा करने पर खर्च किए गए प्रत्येक एक रुपए पर एक लॉयल्टी पॉइंट मिलता है। 300 लॉयल्टी पॉइंट जमा होने पर इन्हें एक मुफ्त यात्रा के लिए रिडीम किया जा सकता है। ट्रिप पास ईएफओ या एएफसी गेट के पास स्थित काउंटर से खरीदा जा सकता है। आगे यात्राओं के लिए पास का टॉप-अप ईएफओ या नमो भारत स्टेशनों पर लगी टिकट वेंडिंग मशीनों (टीवीएम) से किया जा सकेगा। एनसीआरटीसी के मुताबिक इस सुविधा से स्कूल-कॉलेज छात्रों, कामकाजी लोगों, व्यापारियों और अन्य नियमित यात्रियों का रोजाना सफर आसान होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)