मेरठ के मौसम में आज बदलाव की उम्मीद:आसमान में छाए बादलों के साथ उमस में मिलेगी राहत, लगातार बढ़ रहा AQI
मेरठ में लगातार पड़ रही गर्मी और उमस में शुक्रवार को हल्की राहत की उम्मीद है। आज मौसम विभाग के अनुसार आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मुख्यतः साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के बावजूद बारिश की संभावना कम है। दिन के समय धूप निकलने से गर्मी का असर महसूस हो सकता है। चौधरी चरण सिंह विवि की मौसम वैघशाला के अनुसार शुक्रवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, रात और सुबह के समय न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह आंशिक बादल रहने के बाद दिन में आसमान साफ होने के आसार हैं। मौसम के साथ शहर में वायु प्रदूषण भी चिंता का कारण बना हुआ है। मेरठ का AQI 180 से 200 के बीच दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है। हवा में PM2.5 और PM10 की मात्रा प्रमुख प्रदूषक बनी हुई है। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 26 से 28 सितंबर के बीच बादल, गरज-चमक और बारिश के आसार हैं। बारिश के कारण तापमान में कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन इसके बाद फिर गर्मी बढ़ने का अनुमान है। छाती रोग विशेषज्ञ डॉ विजय नारायण त्यागी ने बताया कि प्रदूषण के कारण सांस संबंधी परेशानी, आंखों में जलन और एलर्जी की शिकायत वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर सुबह और शाम के समय लंबे समय तक खुले में रहने से बचना और प्रदूषण अधिक होने पर मास्क का इस्तेमाल करना उपयोगी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)