महिला कानूनगो 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:प्रयागराज में एंटी करप्शन टीम की ट्रैप कार्रवाई; गृहकर संशोधित करने के बदले मांगे थे रुपये
प्रयागराज में एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को नगर निगम की महिला राजस्व निरीक्षक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने एक मकान का बढ़ा हुआ गृहकर संशोधित करने के एवज में शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये मांगे थे। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। इसके बाद महिला कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया है। महिला कर्मचारी के खिलाफ फाफामऊ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। अब पढ़िए पूरा मामला
शिकायतकर्ता शारिक अहमद निवासी सेक्टर-ए शांतिपुरम, गद्दोपुर, फाफामऊ ने 28 सितंबर को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की प्रयागराज इकाई में शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी मां के नाम पंजीकृत मकान के बढ़े हुए गृहकर को संशोधित करने के लिए नगर निगम की राजस्व निरीक्षक राधा देवी उनसे 20 हजार रुपये मांग रही हैं। दोपहर बाद पहुंची टीम
शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच और ट्रैप की कार्रवाई की तैयारी की। मंगलवार 29 सितंबर को एंटी करप्शन की 14 सदस्यीय टीम फाफामऊ स्थित नगर निगम के जोन-7 कार्यालय पहुंची। टीम के साथ लोक सेवक साक्षी भी मौजूद थे। दोपहर में हुई कार्रवाई
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 1:16 बजे शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते ही राजस्व निरीक्षक राधा देवी को ट्रैप टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर ली। मूल रूप से प्रतापगढ़ की रहने वाली
गिरफ्तार राजस्व निरीक्षक की पहचान राधा देवी पत्नी अंशुल कुमार, पुत्री गिरधारी लाल के रूप में हुई है। वह प्रतापगढ़ के मान्धाता थाना क्षेत्र स्थित पुरेला गांव की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह फाफामऊ क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात थीं और प्रयागराज के गोविंदपुर इलाके में रह रही थीं। फाफामऊ थाने में लिखाया जा रहा मुकदमा
एंटी करप्शन प्रयागराज के प्रभारी रविंद्र सिंह यादव ने बताया- रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई। संगठन की ओर से फाफामऊ थाने में अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है। कोई रिश्वत मांगे तो शिकायत करें
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई अराजपत्रित सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत तत्काल भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज मंडल के 9454402490 या मुख्यालय लखनऊ कंट्रोल रूम के 9454402484 पर की जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)