महीनों से किराया नहीं दिया, लाखों के नकली नोट छापे:नागपुर के कमरे में मिले ₹37 लाख, गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी; आरोपी फरार
महाराष्ट्र के नागपुर में किराए के कमरे में नकली नोट छापने का मामला सामने आया है। यहां मकान मालिक ने किराया नहीं देने पर कमरे का ताला तोड़ा, तो अंदर ₹500 के नकली नोटों के बंडल, प्रिंटर और छपाई में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला। बरामद नोटों की कुल कीमत करीब ₹37 लाख बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कई महीनों से किराया नहीं दे रहा था। मकान मालिक के कमरा खाली करने के लिए कहने पर उसने चाकू दिखाकर धमकी दी थी। आरोपी फिलहाल फरार है। डेढ़ साल पहले किराए पर लिया था कमरा आरोपी की पहचान पुष्पक कृष्ण भंडारकर उर्फ बेंडाने के रूप में हुई है। उसने करीब डेढ़ साल पहले नागपुर के खरबी इलाके में कमरा किराए पर लिया था। उसका रेंट एग्रीमेंट जनवरी में खत्म हो गया था, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी उसने कई महीनों तक किराया नहीं दिया। मकान मालिक रमेश ने जब उससे कमरा खाली करने को कहा, तो आरोपी ने चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद मकान मालिक ने वाठोडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। ताला तोड़ा तो बाल्टी में मिले नोटों के बंडल आरोपी कई दिनों से कमरे में नहीं आया था। शनिवार को मकान मालिक ने हथौड़े से कमरे का ताला तोड़ा। अंदर बाल्टी में नोटों के बंडल रखे थे, जबकि जमीन पर कागज बिखरे हुए थे। कमरे में एक प्रिंटर भी मिला। यह देखकर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नकली नोट और छपाई में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया। आरोपी के मुंबई में छिपे होने की सूचना नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगाई गई। शुरुआती जांच में ₹500 के करीब ₹37 लाख के नकली नोट छापे जाने की बात सामने आई। मौके से अधछपे नोट भी बरामद हुए। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी मुंबई में है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम भेजने की तैयारी की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)