महोबा में फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने की फायरिंग:स्कूटी सवार हमलावरों ने बुजुर्ग के घर को बनाया निशाना; कार का शीशा टूटा

Nov 18, 2026 - 16:16
0
महोबा में फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने की फायरिंग:स्कूटी सवार हमलावरों ने बुजुर्ग के घर को बनाया निशाना; कार का शीशा टूटा
महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के पनागरपुरा मोहल्ले में मंगलवार रात बदमाशों के बेखौफ हौसलों की तस्वीर सामने आई है। रुपयों के लेनदेन के विवाद में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग के घर को निशाना बनाते हुए फिल्मी स्टाइल में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैल गई। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर बेखौफ होकर गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं। गाली-गलौज के बाद चलाईं गोलियां, फ्रिज और बाहर खड़ी कार को लगा निशाना पीड़ित बुजुर्ग दिनेश चंद्र चौरसिया ने शहर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात करीब 10:15 बजे वे अपने परिवार के साथ घर के भीतर मौजूद थे। इसी दौरान बाजापुरा निवासी आमिर उर्फ बूमा अपने साथी भाटीपुरा निवासी आदिल के साथ अवैध तमंचे लेकर स्कूटी से उनके घर के बाहर पहुंचा। आरोपियों ने पहले जमकर गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की एक गोली घर के अंदर रखे फ्रिज में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली दरवाजे के बाहर खड़ी कार के शीशे पर लगी, जिससे शीशा चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि इस हमले में परिवार का कोई सदस्य हताहत नहीं हुआ। दो नामजद समेत चार पर तहरीर, CCTV के आधार पर दबिश दे रही पुलिस वारदात के बाद से पीड़ित परिवार और मोहल्ले के लोगों में भय का माहौल है। पीड़ित ने दो नामजद आरोपियों आमिर उर्फ बूमा और आदिल समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इस मामले में शहर कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User