महराजगंज में कांग्रेस का वोट चोरी' के आरोप पर प्रदर्शन:मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग
महराजगंज में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर सोमवार तीन बजे महराजगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय से जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में निकले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, गिरफ्तारी और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा कर उन्हें रद्द करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश कुमार वोट चोर है’, ‘ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद’ और ‘जब-जब योगी डरता है, पुलिस को आगे करता है’ जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने का भी प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन की मौजूदगी रही। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी देश के जननायक हैं और कांग्रेस ‘वोट चोरी’ के सवाल को लेकर सड़क से संसद तक अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद और पूर्व प्रदेश महासचिव त्रिभुवन नारायण मिश्र ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को जनता तक पहुंचाएंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी और शरद कुमार सिंह बबलू ने कहा कि महराजगंज का प्रदर्शन प्रशासन का ध्यान इस मुद्दे की ओर खींचने वाला है। वरिष्ठ नेता शरदेंदु पांडे और सदा मोहन उपाध्याय ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)