मिर्जापुर के लहुरियादह में स्कूल का काम शुरू:25.58 लाख से होगा 8वीं तक का विस्तार, दिव्या मित्तल के सवाल के बाद जमीन की नापाई

Sep 30, 2026 - 19:43
0
मिर्जापुर के लहुरियादह में स्कूल का काम शुरू:25.58 लाख से होगा 8वीं तक का विस्तार, दिव्या मित्तल के सवाल के बाद जमीन की नापाई
मिर्जापुर में सरकारी स्कूल लहुरियादह के उच्चीकरण का काम बुधवार को शुरू कर दिया गया। स्कूल को पूर्व माध्यमिक स्तर तक करने के लिए 25.58 लाख रुपए का बजट स्वीकृत है। बजट और जमीन मिलने के बाद स्कूल प्रबंध समिति ने बनवाने का काम शुरू कराया। बुधवार को दोपहर 1 बजे के हलिया विकास खंड में जमीन की नापाई का काम कराया गया। मंगलवार को पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए स्वीकृति मिलने के बावजूद 3 साल बाद भी काम शुरू नहीं होने पर सवाल उठाया था। इसके बाद विभाग ने निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने बताया था कि एक गरीब महिला ने उनसे अपने गांव में (जो केवल 5वीं कक्षा तक था) आगे की पढ़ाई के लिए स्कूल मांगा था। दिव्या मित्तल ने नियम देखकर स्कूल स्वीकृत भी कर दिया था, लेकिन प्रशासनिक कमियों के चलते तीन साल बीत जाने के बाद भी वह स्कूल बनना शुरू नहीं हो सका। इसी व्यवस्था से दुखी होकर उन्होंने नौकरी छोड़ी और जनता की आवाज बनने का फैसला किया। बीएसए अनिल वर्मा ने बताया कि सरकारी स्कूल लहुरियादह के उच्चीकरण के लिए 2024-25 में प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 2025-26 में राज्य परियोजना निदेशक की ओर से स्वीकृति प्रदान की गई। इसके लिए 25.58 लाख रुपए का बजट आवंटित किया गया। 0.169 हेक्टेयर जमीन निर्माण के लिए उपलब्ध बीएसए ने बताया कि विद्यालय भवन के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता भी सुनिश्चित कर ली गई है। उपजिलाधिकारी लालगंज की ओर से आराजी संख्या 1116 ग, रकबा 0.169 हेक्टेयर भूमि पूर्व माध्यमिक विद्यालय के निर्माण के लिए उपलब्ध कराई गई है। भूमि उपलब्ध होने और निर्माण संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यालय प्रबंध समिति ने काम शुरू कराया है। स्वीकृत धनराशि भी समिति के खाते में हस्तांतरित की जा चुकी है। प्राथमिक के बाद आगे की पढ़ाई की मिलेगी सुविधा स्कूल के उच्चीकरण से लहुरियादह और आसपास के क्षेत्र के बच्चों को प्राथमिक शिक्षा के बाद आगे की कक्षाओं के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने की उम्मीद है। अभी उच्च कक्षाओं की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दूसरे विद्यालयों का रुख करना पड़ता है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विद्यालय में शैक्षिक सुविधाओं का विस्तार होगा। क्षेत्र के बच्चों को अपने गांव के आसपास ही आगे की पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलेगा। निर्माण कार्य स्वीकृत कार्ययोजना और निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाएगा। दिव्या मित्तल ने इस्तीफे में क्या लिखा था, पढ़िए… लंदन की नौकरी छोड़कर सिविल सर्विस में आई थीं दिव्या दिव्या मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं। IIT-IIM से पढ़ाई के बाद लंदन में नौकरी की। यहीं गगनदीप सिंह से उनकी मुलाकात हुई। दोनों ने लव-मैरिज की। हालांकि, कुछ सालों बाद पति-पत्नी लंदन की नौकरी छोड़ भारत लौट आए। दिव्या UPSC की तैयारी में जुट गईं। उन्होंने बिना कोचिंग पहले प्रयास में IPS क्लियर किया। उन्हें गुजरात कैडर मिला। IPS की ट्रेनिंग के दौरान भी दिव्या ने IAS की तैयारी जारी रखी। अगले ही साल 2013 में उनका IAS में सिलेक्शन हो गया। दिव्या के पति पंजाब के रहने वाले, पहले प्रयास में UPSC पास किया था दिव्या के पति गगनदीप सिंह का परिवार पंजाब के बठिंडा जिले के गिद्दड़बाहा का रहने वाला है। उन्होंने 1998 से 2002 तक IIT दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। इसके बाद 2003 से 2005 तक IIM बैंगलोर से मैनेजमेंट की पढ़ाई की। गगनदीप ने 2010 में पहले ही प्रयास में UPSC पास किया था। उन्हें इंडियन ट्रेड सर्विस मिली थी। चार साल पहले, 2022 में उन्होंने वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में संयुक्त महानिदेशक के पद से इस्तीफा दिया था। ----------------------- ये भी पढ़ें… पूर्व IAS दिव्या मित्तल की यूपी की राजनीति में एंट्री:बोलीं- डरूंगी नहीं, हिसाब मांगूंगी, किसी पार्टी का नहीं, आपका साथ चाहिए यूपी की पूर्व IAS दिव्या मित्तल राजनीति में उतरेंगी। उन्होंने मंगलवार सुबह 8.30 बजे फेसबुक पर वीडियो जारी करके इसका खुलासा किया। उन्होंने कहा- यूपी में ही रहूंगी। डरूंगी नहीं, सवाल करूंगी। मुझे पैसा और बाहुबल नहीं चाहिए। सिर्फ आप लोगों का साथ चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User