मिर्जापुर के पुलिसकर्मियों ने वाराणसी जोन को दिलाया कांस्य पदक:74वीं यूपी पुलिस वार्षिक हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन पर एसपी ने किया सम्मानित
मिर्जापुर। 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक हॉकी प्रतियोगिता में मिर्जापुर पुलिस के चार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वाराणसी जोन की पुरुष हॉकी टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 19 सितंबर तक 10वीं वाहिनी पीएसी, बाराबंकी में किया गया था। वाराणसी जोन की ओर से प्रतियोगिता में जनपद के निरीक्षक सनवर अली, मुख्य आरक्षी चालक पुलिस अरविंद कुमार राय, मुख्य आरक्षी नायक पुलिस मृत्युंजय कुमार और मुख्य आरक्षी सिपाही पुलिस मो. फिरोज अली ने प्रतिभाग किया। चारों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन के दम पर वाराणसी जोन की पुरुष हॉकी टीम ने प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। जनपद पुलिस के इन चार खिलाड़ियों के प्रदर्शन को टीम की सफलता में महत्वपूर्ण माना गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना और टीमवर्क के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। कांस्य पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों के जनपद आगमन पर पुलिस विभाग में भी खुशी का माहौल रहा। जनपद लौटने पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने चारों खिलाड़ियों को मंगलवार को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके प्रदर्शन की सराहना की। एसपी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेल शारीरिक दक्षता के साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है। पुलिसकर्मियों का खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन विभाग के लिए गौरव की बात है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)