मिर्जापुर में एडीजी ने पुलिस कार्यालय-लाइन का किया निरीक्षण:नवरात्र-दशहरा को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा, मिशन शक्ति प्रभावी बनाने पर जोर
मिर्जापुर में अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने बुधवार को पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ जिले में अपराध और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। आगामी नवरात्र, दुर्गापूजा और दशहरा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। एडीजी ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर वहां अभिलेखों और रजिस्टरों के रखरखाव की स्थिति देखी। उन्होंने जनशक्ति की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार कार्य व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए। जीपीएफ पासबुक और संबंधित रजिस्टरों को पूर्ण रखने के साथ ही जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा गोष्ठी हुई। इसमें आगामी नवरात्र, दुर्गापूजा और दशहरा के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। एडीजी ने यूपी-112 के रिस्पांस टाइम को बेहतर रखने के साथ कंट्रोल रूम, मीडिया सेल और पीआरओ की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। माफिया, साइबर अपराध और नशे के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश एडीजी नवीन अरोरा ने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। चिह्नित माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराध की रोकथाम, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध एवं अपमिश्रित शराब, गो-तस्करी तथा भू, वन और खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता देने को कहा। गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और टॉप-10 अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। महिला अपराध रोकने को मिशन शक्ति प्रभावी बनाने पर जोर महिला अपराधों की रोकथाम के लिए मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी एडीजी ने जोर दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों से पुलिसिंग में निष्पक्षता, पारदर्शिता, गुणवत्ता, ईमानदारी और संवेदनशीलता बनाए रखने की अपेक्षा की। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के साथ आमजन की शिकायतों के निस्तारण में भी पुलिस की कार्यप्रणाली को बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ अपराध समीक्षा गोष्ठी का समापन हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)