मऊ में मंत्री ने वीर सैनिकों को किया सम्मानित:पूर्व सैनिकों ने रखीं 3 मांगें, ECHS अस्पताल और कैंटीन का आश्वासन मिला
मऊ नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में बुधवार को पूर्व सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा शामिल हुए। इस दौरान वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया गया। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष क्षत्रपाल सिंह, महामंत्री सुरेंद्र सिंह और उनकी टीम के नेतृत्व में समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बुधवार को शाम 5 बजे तक चला। समारोह में पूर्व सैनिकों की ओर से जिले में ईसीएचएस अस्पताल की सुविधा शुरू कराने की मांग रखी गई। मंत्री ने कहा कि अस्पताल की सुविधा नहीं होने के कारण पूर्व सैनिकों को उपचार के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।पूर्व सैनिकों ने जिले में सीएसडी कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। मंत्री ने बताया कि पूर्व में भी इसके लिए प्रयास किया गया था, लेकिन सैनिकों की संख्या निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं होने के कारण स्वीकृति नहीं मिल सकी थी। अब मानक पूरा होने की जानकारी मिली है, इसलिए सीएसडी कैंटीन के लिए पुनः प्रयास करने का आश्वासन दिया गया है। तीसरी प्रमुख मांग जिले में एनसीसी की एक बटालियन उपलब्ध कराने की रही। मंत्री ने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को एनसीसी से जुड़ना चाहिए। इससे युवाओं में शारीरिक और मानसिक मजबूती के साथ अनुशासन और देशसेवा की भावना विकसित होगी। उन्होंने एनसीसी की बटालियन की मांग पर भी काम करने का आश्वासन दिया। मंत्री एके शर्मा ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश के लिए अपना जीवन, जवानी और कई बार अपने अंगों तक का बलिदान दिया है। उन्होंने समाज से अपील की कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की सेवा और सम्मान में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। समारोह को उन्होंने पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बताया। इस दौरान पूर्व सैनिक प्रवीण सिंह, अजय सिंह, मधुरेंदर सिंह, ब्रिकेश कुमार सिंह सत्यानंद सिंह सुरेन्द्र नाथ सिंह जिला महामंत्री आदि लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)