मथुरा में कांग्रेस का प्रदर्शन, CEC के इस्तीफे की मांग:पुतले को जूते-चप्पल मारे, कार्यकर्ता मुखौटा पहनकर पहुंचे थे
मथुरा में सोमवार दोपहर कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग उठाई। प्रदर्शन में एक कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार का मुखौटा लगाकर, कैदी की वर्दी और हाथों में हथकड़ी पहनकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। कुछ कार्यकर्ताओं ने मुखौटे पर जूते-चप्पल से प्रहार कर विरोध जताया। महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम के नेतृत्व में कार्यकर्ता पहले होलीगेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर जुटे। यहां से बाइक पर सवार होकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों और आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लेकर उठ रहे सवालों और आरोपों की जांच कर संवैधानिक प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था जरूरी है। जनता का निर्वाचन व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। प्रदर्शन में पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर, पं. यतेंद्र मुकद्दम समेत कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)