मुजफ्फरनगर में घर के अंदर 480 किलो अवैध विस्फोटक मिला:120 पैकेट बुलेट बम बरामद, बिना लाइसेंस पटाखा बनाने के आरोप में महिला गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर के त्योहारों से पहले अवैध पटाखा निर्माण और विस्फोटक सामग्री के भंडारण के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस ने कार्रवाई की है। कोतवाली नगर पुलिस ने मिमलाना रोड स्थित एक मकान में छापा मारकर 480.8 किलोग्राम अवैध विस्फोटक सामग्री और 120 पैकेट तैयार बुलेट बम बरामद किए। पुलिस ने मौके से 45 वर्षीय महजबी पत्नी अलीमुद्दीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मकान में बिना लाइसेंस पटाखों का निर्माण और विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया जा रहा था। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। मकान में मिला भारी मात्रा में विस्फोटक पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान मकान से 480.8 किलोग्राम अवैध विस्फोटक पदार्थ और 120 पैकेट बुलेट बम बरामद हुए। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तार महिला के पास पटाखा निर्माण और विस्फोटक सामग्री के भंडारण के लिए कोई वैध लाइसेंस या सक्षम प्राधिकारी की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद मकान में पटाखे तैयार किए जा रहे थे और तैयार सामग्री को वहीं रखा गया था। आबादी के बीच चल रहा था काम, पुलिस ने सील की कार्रवाई पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आवासीय इलाके में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है। आग या विस्फोट की स्थिति में आसपास के लोगों और संपत्ति को नुकसान का खतरा हो सकता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच बरामदगी पूरी की और सामग्री को अपने कब्जे में लिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसमें महिला के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। बिक्री और सप्लाई को लेकर भी जांच पुलिस गिरफ्तार महिला से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद सामग्री कहां से लाई गई थी और तैयार पटाखों की बिक्री या सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि अवैध विस्फोटक पदार्थों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बिना लाइसेंस विस्फोटक बनाने या रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। कोतवाली नगर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है। इसमें विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार महिला के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद विस्फोटक सामग्री को नियमानुसार कब्जे में लेकर उसकी जांच और निस्तारण की प्रक्रिया भी की जा रही है। पुलिस टीम में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक गोविन्द चौधरी, उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, उपनिरीक्षक पवन प्रताप सिंह, महिला उपनिरीक्षक निक्की चौधरी, कांस्टेबल बलदेव, हर्ष और मनीष कुमार तथा महिला कांस्टेबल शिवानी, ज्योति, भावना और निकिता शामिल रहीं। पुलिस के मुताबिक, टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी और बरामदगी की कार्रवाई पूरी की और महिला को गिरफ्तार किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)