मुजफ्फरनगर में नृत्य की कार्यशाला:नृत्यांगना अश्मिता ऐच ने इंटर कॉलेजों में सिखाई कथक की बारीकियां

Sep 28, 2026 - 17:42
0
मुजफ्फरनगर में नृत्य की कार्यशाला:नृत्यांगना अश्मिता ऐच ने इंटर कॉलेजों में सिखाई कथक की बारीकियां
मुजफ्फरनगर के बघरा और तितावी के इंटर कॉलेजों में नृत्यांगना अश्मिता ऐच ने कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। स्पिक मैके मुजफ्फरनगर चैप्टर द्वारा ग्रामीण अंचल में चल रही कार्यशाला - प्रस्तुतीकरण श्रृंखला के अंतर्गत आज स्वामी कल्याणदेव इंटर कॉलेज बघरा तथा पी टी ऊषा कन्या इंटर कॉलेज तितावी में कथक के सार्थक कार्यक्रम आयोजित किए गए। नृत्यांगना अश्मिता ऐच ने विद्यार्थियों को कथक के वैभव के दर्शन कराए। 49 वर्षों से युवा पीढ़ी को सांस्कृतिक धरोहर से साक्षात् कराने में संलग्न स्पिक मैके ने राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर राधामोहन तिवारी के निर्देशन में कुचिपुड़ी और ओडिसी की सफल श्रृंखलाओं के बाद कथक की कार्यशाला - प्रस्तुतीकरण में अश्मिता ऐच को आमंत्रित किया है। वे 01 अक्टूबर तक प्रतिदिन दो विद्यालयों में कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। उन्होंने सोमवार को शास्त्रीय परंपरा के अनुसार गणेश वंदना "शुभ दर्शन प्रथम मनाओ मंगल" पर सुंदर प्रस्तुति दी। उन्होंने नृत्य पक्ष और भाव पक्ष को दर्शाती प्रस्तुतियों से दर्शकों को सम्मोहित कर दिया। "कृष्ण सखा मिल गए ग्वालिन घर" पर कृष्ण लीला के प्रसंगों की भावपूर्ण प्रस्तुति से तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के अंत में सूरदास के नाचत सुढंग की अष्टपदी पर लय ताल आदि पर अपनी गहरी पकड़ का परिचय दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को कथक की विशेषताओं का परिचय कराते हुए कुछ अंगों का अभ्यास भी कराया। स्वामी कल्याणदेव की प्रधानाचार्या मंजू मलिक तथा पीटी ऊषा कन्या की प्रधानाचार्या ऊषा ने कलाकारों तथा अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया और अश्मिता ऐच का स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया। इस अवसर पर प्रवीण कुमार पुंडीर, विजेंद्र सिंह, भावना संगल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में राहुल सेन, डॉ नीति मित्तल, मृदुला मित्तल की खास भूमिका रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User