मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ में गोकश घायल:नई मंडी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक मिली
मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रथेड़ी कट पर शनिवार (31 अक्टूबर) की रात्रि पुलिस और शातिर गोकश के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। देखिए घटना से जुड़ी तस्वीरें… चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात थाना नई मंडी पुलिस रथेड़ी कट के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक गोकश गोकशी की घटना को अंजाम देने की नियत से मोटरसाइकिल पर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चौकसी बढ़ा दी। कुछ समय बाद नसीरपुर की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने जब चालक को रुकने का इशारा किया, तो वह रुकने के बजाय बाइक मोड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया, तो तीव्र मोड़ पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। बदमाश बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग करते हुए पास के ईख के खेत में घुस गया। जवाबी कार्रवाई में लगा निशाना पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पूछताछ और पहचान में घायल बदमाश की पहचान मुकीम उर्फ भूरा पुत्र शकील, निवासी ग्राम निराना (थाना सिखेड़ा, मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई। मौके से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल जब्त की है। 2013 से फरार चल रहा था हिस्ट्रीशीटर मामले की जानकारी देते हुए सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मुकीम सिखेड़ा थाने का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2013 में दर्ज गोकशी के एक मामले में भी लिप्त था, जिसमें अदालत से स्टे मिलने के बाद वह फरार हो गया था और तब से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)