हंडिया में 5 नवंबर को रोजगार मेला लगेगा:18 कंपनियां 3,000 पदों पर करेंगी भर्ती, जानिए प्रक्रिया
प्रयागराज के शिक्षित युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार मुहैया कराने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। सरकार की योजना प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रोजगार मेले लगाकर युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की है। इसी क्रम में पांच नवंबर को प्रयागराज के हंडिया स्थित श्याम कुमारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय आसेपुर में रोजगार महोत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की 18 कंपनियां करीब 3000 पदों पर सीधे भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय प्रयागराज और श्याम कुमारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय की ओर से आयोजित रोजगार मेले में सुबह 10 बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलीटेक्निक, बीबीए और बीटेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीयन कराना होगा। साथ ही शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, अंकपत्रों और जाति प्रमाणपत्र की छायाप्रति लेकर पहुंचना होगा। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है। सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)