बागपत में यातायात जागरूकता बाइक रैली निकली:एसपी ने दिखाई हरी झंडी; 56 उपनिरीक्षक गांव-कस्बों में चलाएंगे अभियान

Nov 01, 2026 - 13:22
0
बागपत में यातायात जागरूकता बाइक रैली निकली:एसपी ने दिखाई हरी झंडी; 56 उपनिरीक्षक गांव-कस्बों में चलाएंगे अभियान
बागपत। जनपद में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन बागपत में पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने यातायात जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश देना रहा। बाइक रैली के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। पुलिस अधीक्षक ने लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति जागरूक किया। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश भी दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अक्सर यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण सड़क हादसे होते हैं। ऐसे में वाहन चालकों को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।यातायात माह के दौरान जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस के साथ विशेष रूप से नियुक्त किए गए 56 उपनिरीक्षकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये उपनिरीक्षक जनपद के गांवों, कस्बों और विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देंगे। अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User