मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी, SIR रद्द करने की मांग:सुल्तानपुर में वामदलों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को भेजा मांग पत्र
सुल्तानपुर में देशव्यापी आह्वान के तहत वामदलों (CPIM) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सोमवार एक बजे अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सीपीएम (CPIM) के जिला सचिव ने बातचीत करते हुए निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। सीपीएम के जिला सचिव ने बताया कि हाल ही में प्रसिद्ध समाचार पत्र की एक रिपोर्ट में देश की चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ने अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों की सहमति लिए बिना ही एसआईआर की पूरी प्रक्रिया लागू कर दी। इससे देश के आम नागरिकों के संवैधानिक मताधिकार छीने जाने का आरोप लगाया गया है। वामदलों ने मांग की है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए/वे इस्तीफा दें। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया के तहत कराए गए चुनावों को रद्द कर पुनः पारदर्शी तरीके से मतदान कराया जाए। सीपीएम जिला सचिव ने घोषणा की कि 26 तारीख से शुरू हुआ यह देशव्यापी विरोध अभियान आगामी 3 तारीख तक चलेगा। इस दौरान जगह-जगह विरोध प्रदर्शन और कार्यवाहियां आयोजित की जाएंगी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उन्होंने डीएम के प्रतिनिधि अधिकारी से मुलाकात कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा है। हालांकि, उन्होंने नाराजगी व्यक्त की कि जिलाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी जनता व वामदलों के प्रतिनिधियों से सीधे मिलकर ज्ञापन या स्थानीय मुद्दों पर बात करने से बचते हैं। वामदल नेता ने जिले में किसानों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अत्यधिक बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के कारण क्षेत्र में केले, गन्ने और धान की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं। अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि यदि जनसमस्याओं और किसानों के नुकसान पर सीधे वार्ता कर समाधान नहीं निकाला गया, तो आने वाले दिनों में सभी तहसील स्तरों पर उग्र आंदोलन और प्रदर्शन किए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)