नैमिषारण्य को मथुरा-वृंदावन रेलमार्ग से जोड़ने की मांग:351 श्रद्धालुओं ने पीएम, रेल मंत्री को भेजा पत्र
प्राचीन तीर्थ स्थल नैमिषारण्य को मथुरा-वृन्दावन से रेलमार्ग के जरिए जोड़ने की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में रायबरेली के 351 नागरिकों और श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री व रेल मंत्री को सामूहिक हस्ताक्षर वाला पत्र भेजकर नैमिषारण्य से हरदोई होते हुए फर्रुखाबाद तक 112 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाने की मांग की है। 'नैमिष-मथुरा रेल जोड़ो अभियान समिति' के महासचिव अजय पाल सिंह सोमवंशी ने बताया कि इस नई लाइन के बनने से प्रदेश के पांचों प्रमुख तीर्थ (काशी, अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा और चित्रकूट) रेलमार्ग से सीधे जुड़ जाएंगे। इससे न केवल देशभर के श्रद्धालुओं को नैमिषारण्य पहुंचने में सुविधा होगी, बल्कि भारतीय रेलवे को पूर्वोत्तर राज्यों से पश्चिमी, मध्य व दक्षिण भारत के लिए एक नया रेल-गलियारा भी मिलेगा। इसके परिणामस्वरूप कानपुर और लखनऊ-दिल्ली मार्ग पर माल ढुलाई व यातायात का दबाव भी काफी कम होगा। समिति के अनुसार, इस अभियान के तहत इससे पूर्व भी लखनऊ, अयोध्या, हरदोई, मथुरा, आगरा, गोरखपुर, सीतापुर और प्रयागराज सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से कुल 11,466 नागरिक पत्र भेजकर नैमिषारण्य को रेलमार्ग से जोड़ने की गुहार लगा चुके हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)