NHM संविदाकर्मियों ने नियमितीकरण की मांग पर प्रदर्शन किया:12 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, समान काम-समान वेतन भी मांगा
देवरिया में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने शुक्रवार को ड्यूटी के बाद दोपहर 3 बजे CMO कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान काम-समान वेतन समेत कई मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपा। संगठन ने सरकार को 3 अक्टूबर तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का समय दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर 6 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन और 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। 15 से 18 साल से स्वास्थ्य सेवाओं में दे रहे योगदान संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में NHM के तहत एक लाख से अधिक संविदाकर्मी 15 से 18 साल से स्वास्थ्य सेवाओं में काम कर रहे हैं। ये कर्मचारी ग्रामीण और दूरदराज के स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सेवाएं दे रहे हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि कोविड-19 महामारी के दौरान भी संविदाकर्मियों ने स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नियमितीकरण और समान काम-समान वेतन मुख्य मांग संगठन ने NHM संविदाकर्मियों के नियमितीकरण और समान काम-समान वेतन को अपनी दो प्रमुख मांगें बताया है। लंबे समय से सेवा दे रहे संविदाकर्मियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित करने की मांग की गई है। समान काम-समान वेतन की प्रक्रिया पूरी होने तक मौजूदा वेतन में तत्काल बढ़ोतरी की मांग भी रखी गई है। इसके अलावा जिन पदों पर संविदाकर्मी काम कर रहे हैं, लेकिन वे पद स्वास्थ्य विभाग में स्वीकृत नहीं हैं, उन्हें सृजित करने की मांग की गई है।
कैशलेस इलाज, भत्ता और आवास समेत कई मांगें संविदाकर्मियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए कम से कम 10 लाख रुपए की फैमिली फ्लोटर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा देने की मांग की गई है। इसके अलावा महंगाई भत्ता, प्रभावी EPF सुविधा और नियोक्ता अंशदान, HRA, सरकारी आवास और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग रखी गई है। ज्ञापन में रिक्त पदों पर गैर-जनपद स्थानांतरण नीति बहाल करने के साथ पारस्परिक और स्वयं के अनुरोध पर स्थानांतरण की सुविधा देने की मांग भी शामिल है। सेवाकाल के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को योग्यता के आधार पर अनुकंपा नियुक्ति देने की नीति बनाने की मांग की गई। आउटसोर्स कर्मचारियों को समायोजित करने की मांग संगठन ने NHM के तहत आउटसोर्स के माध्यम से तैनात MCTS, IDSP, HMIS डाटा ऑपरेटर और कोविड-19 कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने की मांग की है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की नियमित भर्तियों में NHM संविदाकर्मियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत सीटों का कोटा निर्धारित करने की मांग भी रखी गई है। 3 अक्टूबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो 6 से आंदोलन ज्ञापन में कहा गया है कि 24 सितंबर से 10 दिन तक संगठन शासन की सकारात्मक कार्रवाई का इंतजार करेगा। 3 अक्टूबर तक मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 6 और 7 अक्टूबर को कर्मचारी काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध करेंगे। इसके बाद 8, 9 और 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार या कार्यविराम किया जाएगा। 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी संगठन ने कहा है कि इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं हुआ या राज्य प्रतिनिधिमंडल के साथ सार्थक वार्ता नहीं हुई तो 12 अक्टूबर से प्रदेशभर के NHM संविदाकर्मी लखनऊ पहुंचकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)