नीला ड्रम केस, सौरभ का परिवार बोला-दोनों को फांसी हो:मुस्कान के पिता ने बात करने से किया इनकार, पड़ोसियों ने भी कड़ी सजा की मांग की
मेरठ के नीले ड्रम केस में बुधवार को कोर्ट के फैसले को लेकर सौरभ राजपूत के परिवार और आसपास के लोगों में सुबह से ही चर्चा रही। सौरभ के परिवार को उम्मीद थी कि कोर्ट दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए कड़ी सजा सुनाएगा। उधर, सुनवाई को लेकर जब मुस्कान के घर पहुंचकर उसके पिता से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, हम उसके साथ हैं। हमें कोर्ट के फैसले से कोई आपत्ति नहीं है। सौरभ की मां ने कहा- दोनों को फांसी की सजा मिले सौरभ की मां रेनू देवी ने कहा कि वह करीब डेढ़ साल से बेटे को न्याय दिलाने के लिए कोर्ट के चक्कर लगा रही हैं। बार-बार कोर्ट जाना और वहां मामले से जुड़ी बातें सुनना उनके लिए काफी दुखद रहा है। रेनू देवी ने कहा, "हम चाहते हैं कि दोनों को फांसी की सजा मिले। अगर इससे भी बड़ी कोई सजा है तो वह दी जानी चाहिए।" उन्होंने कहा कि दोनों ने अपराध में बराबर भूमिका निभाई है, इसलिए दोनों को अलग-अलग सजा नहीं मिलनी चाहिए। मुस्कान की छोटी बच्ची होने की बात पर उन्होंने कहा कि बच्ची की जिम्मेदारी कौन लेगा या नहीं लेगा, इससे उन्हें कोई मतलब नहीं है। उनका कहना था कि बेटे के साथ जो हुआ, उसके लिए दोनों को एक जैसी सजा मिलनी चाहिए। भाई बोला- कम से कम फांसी की सजा हो सौरभ के भाई राहुल ने कहा कि परिवार शुरू से ही उम्मीद कर रहा है कि उनके भाई के साथ जो हुआ, उसके लिए आरोपियों को कड़ी सजा मिले। उन्होंने कहा कि कम से कम फांसी की सजा होनी चाहिए। उनका कहना था कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए किसी तरह की रियायत नहीं मिलनी चाहिए। परिवार को उम्मीद है कि कोर्ट का फैसला उनके पक्ष में आएगा और सौरभ को न्याय मिलेगा। पड़ोसियों ने भी जताया गुस्सा सौरभ के घर के सामने रहने वाली अनुपमा गुप्ता ने कहा कि सौरभ बहुत अच्छा और शरीफ लड़का था। वह पूरे मोहल्ले में सभी से सम्मान से बात करता था और अपनी बेटी से बहुत प्यार करता था। उन्होंने कहा कि सौरभ के साथ बहुत गलत हुआ है। अनुपमा ने कहा कि बेटी के आधार पर मुस्कान की सजा कम नहीं होनी चाहिए क्यूंकि वो अपनी बेटी को भी ठीक परवरिश नहीं दे पाएगी और दोनों आरोपियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे आगे कोई इस तरह का अपराध करने से पहले कई बार सोचे। उन्होंने दोनों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। वहीं, मुस्कान के घर के पास रहने वाली सोनाक्षी शर्मा ने कहा कि अपराध के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुस्कान की बेटी छोटी है और उसकी देखभाल को लेकर भी सवाल है, इसलिए वह मुस्कान को उम्रकैद दिए जाने के पक्ष में हैं, जबकि साहिल को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस घटना की चर्चा मेरठ से बाहर भी हुई है और ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। सौरभ की गली में रहने वाली बाला ने कहा कि सौरभ बहुत अच्छा लड़का था। उन्होंने भी दोनों आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुस्कान की बच्ची होने की बात को सजा कम करने का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए, क्योंकि सौरभ भी किसी का बेटा था और उसके परिवार ने भी अपना बच्चा खोया है। अचल कुमार ने कहा कि जिसने अपराध किया है, उसे सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मुस्कान और साहिल दोनों के लिए फांसी की मांग करते हुए कहा कि सिर्फ सहानुभूति के आधार पर किसी आरोपी को छोड़ना सही नहीं होगा। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि इसमें किसी तरह की रियायत नहीं होनी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)