ऑनलाइन लोन कंपनी के खाते से 23 लाख की ठगी:कंपनी के सीआरएम सिस्टम और बैंकिंग प्रक्रिया में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम देने का शक

Nov 14, 2026 - 06:51
0
ऑनलाइन लोन कंपनी के खाते से 23 लाख की ठगी:कंपनी के सीआरएम सिस्टम और बैंकिंग प्रक्रिया में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम देने का शक
ऑनलाइन लोन उपलब्ध कराने वाली कंपनी को साइबर अपराधियों ने निशाना बनाया। ठगों ने कंपनी के सिस्टम में सेंध लगाकर बैंक खाते से 23.40 लाख रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिए। वारदात को पांच से सात नवंबर के बीच अंजाम दिया गया। आरोपियों ने एक अन्य खाते में 98.70 लाख रुपये भेजने का भी प्रयास किया, लेकिन बैंकिंग ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हो सका। कंपनी को नौ नवंबर को इस धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद रिकवरी मैनेजर की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। सेक्टर-69 स्थित आरएनवीपी टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड आईटूआई फंडिंग डॉट कॉम के नाम से ऑनलाइन लोन देने का कारोबार करती है। कंपनी के रिकवरी मैनेजर सचिन शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ऋण वितरण और रिकवरी से संबंधित वित्तीय लेनदेन कंपनी के सिस्टम के माध्यम से किए जाते हैं। साइबर अपराधियों ने कंपनी के सीआरएम सिस्टम और बैंकिंग प्रक्रिया से जुड़ी जानकारियां हासिल कर खाते तक पहुंच बनाई। इसके बाद अधिकृत प्रक्रिया का दुरुपयोग करते हुए रकम अलग-अलग बैंक खातों में भेज दी। पांच नवंबर को लक्ष्मीपुरम नाम से संचालित खाते में 19.90 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इसी दिन फलटण नाम के खाते में 50 हजार रुपये भेजे गए। इसके दो दिन बाद सात नवंबर को बीके इंजीनियरिंग वर्क्स के खाते में तीन लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए गए। इस तरह आरोपियों ने कुल 23.40 लाख रुपये निकाल लिए। सात नवंबर को ही अवध कंस्ट्रक्शन एंड सेल्स के खाते में 98.70 लाख रुपये भेजने का प्रयास किया गया, लेकिन यह लेनदेन सफल नहीं हुआ। इन राज्यों में ट्रांसफर हुई रकम शुरुआती जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम आंध्र प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र से जुड़े बैंक खातों में भेजी गई। इनमें आंध्र प्रदेश के गुंटूर, बिहार के मुजफ्फरपुर और महाराष्ट्र के फलटण स्थित बैंक शाखाओं के खाते शामिल हैं। पुलिस इन खातों के संचालकों की पहचान करने में जुटी है। कंपनी ने उपलब्ध कराए साक्ष्य कंपनी ने अपनी शिकायत में सीआरएम सिस्टम के लॉग, आईपी एड्रेस और बैंक खातों से संबंधित जानकारियां भी पुलिस को उपलब्ध कराई हैं। जांच एजेंसियां इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कंपनी के सिस्टम में सेंध किस तरह लगाई गई और रकम ट्रांसफर करने के लिए किस स्तर पर तकनीकी पहुंच हासिल की गई। किराए के खाते की भी जांच पुलिस बैंक खातों के लाभार्थियों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। किराये के खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का दावा है कि ठगी से संबंधित अहम जानकारी मिली है। जल्द ही आरोपियों को दबोचकर ठगी की रकम की रिकवरी की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User