सहारनपुर में 5 लाख के लिए विवाहिता को निकाला:पहले से चार बच्चों का पिता है पति, जबरन गर्भपात कराने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का लगाया आरोप

Nov 14, 2026 - 05:26
0
सहारनपुर में 5 लाख के लिए विवाहिता को निकाला:पहले से चार बच्चों का पिता है पति, जबरन गर्भपात कराने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
सहारनपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव दाबकी जुनारदार की एक विवाहिता ने दिल्ली निवासी अपने पति और ससुराल पक्ष के तीन अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे कम दहेज लाने के ताने दिए जाते थे। पति और ससुराल के अन्य लोग उसके साथ मारपीट करते थे और पांच लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाते थे। आरोप है कि गर्भवती होने पर कई बार उसका जबरन गर्भपात कराया गया। इतना ही नहीं, ससुर उस पर गलत नजर रखता था और छेड़छाड़ करता था। दिसंबर 2025 में ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की और विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद पति समेत सभी आरोपियों ने मारपीट कर उसे केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता इशराना की शादी 12 नवंबर 2019 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार गांव दाबकी जुनारदार में जमील अहमद के साथ हुई थी। शादी के बाद वह पति के साथ दिल्ली के नरेला स्थित ससुराल चली गई थी। पीड़िता का आरोप है कि जमील अहमद की यह तीसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी से पहले ही चार बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और तीन बेटियां हैं। शादी के कुछ समय बाद ही पति और उसके परिवार के लोगों का व्यवहार उसके प्रति बदल गया। पति के साथ ससुर खलील अहमद, सास शमीना और ननद गुलशन भी उसे तरह-तरह से परेशान करने लगे। नौकरों जैसा व्यवहार करने और जबरन गर्भपात कराने का आरोप पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ससुराल में उसके साथ नौकरों जैसा व्यवहार किया जाता था। उसे ठीक से खाने-पीने तक नहीं दिया जाता था। जब भी वह गर्भवती होती थी तो ससुराल वाले जबरन उसका गर्भपात करा देते थे। उनका कहना था कि परिवार में पहले से ही चार बच्चे हैं, इसलिए उन्हें और बच्चे नहीं चाहिए। पीड़िता का आरोप है कि उसने अपनी गृहस्थी बचाने के लिए लंबे समय तक प्रताड़ना सहन की, लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला। पांच लाख लाने का दबाव बनाया विवाहिता के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग उसे कम दहेज लाने के ताने देते थे। उससे कहा जाता था कि वह अपने मायके से क्या लेकर आई है। उसे घर में रखने के बदले पांच लाख रुपये नकद लाने की मांग की जाती थी। आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी थी कि जब तक वह पांच लाख रुपये लेकर नहीं आएगी, तब तक उसे घर में रहने नहीं दिया जाएगा। ससुर ने कपड़े फाड़े, पति समेत सभी ने पीटकर निकाला पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि दिसंबर 2025 में ससुर खलील अहमद ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए। विरोध करने पर पति जमील अहमद, ससुर खलील अहमद, सास शमीना और ननद गुलशन ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद उसे धक्के देकर केवल पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में नौशाद और शाकिर समेत अन्य लोगों को घटना का गवाह बताया है। विकलांग पिता के साथ रह रही विवाहिता पीड़िता के मुताबिक, ससुराल से निकाले जाने के बाद से वह अपने गांव दाबकी जुनारदार में रह रही है। उसके पिता बुजुर्ग और विकलांग हैं। आरोप है कि घटना के बाद से पति और ससुराल पक्ष के किसी भी सदस्य ने उसकी सुध नहीं ली और न ही उसकी खैर-खबर ली। इसके बाद उसने महिला थाने पहुंचकर शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पति जमील अहमद, ससुर खलील अहमद, सास शमीना और ननद गुलशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विवेचना की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User