नोएडा गार्डन गैलेरिया मॉल के बाहर किसानों का धरना:70 लाख रुपए के निवेश में फर्जीवाड़े का आरोप, पुलिस के आला अधिकारी कर रहे बातचीत
गार्डन गैलेरिया मॉल के गेट नंबर-2 के बाहर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले किसानों ने धरना शुरू कर दिया। किसानों ने रेस्टोरेंट में शेयर होल्डिंग के नाम पर करीब 70 लाख रुपए के निवेश के बाद रकम वापस नहीं मिलने और दस्तावेजों में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। किसान नेता राज कुमार नागर ने बताया कि गार्डन गैलेरिया मॉल के अंदर टीपी टकीला रेस्टोरेंट में शेयर होल्डिंग के नाम पर किसान निशांत भार्गव और अरविंद भाटी ने करीब 70 लाख रुपए लगाए थे। यह रकम वर्ष 2021 से 2025 के बीच राहुल सिंह को दी गई थी। निवेश के बदले मुनाफा देने की बात कही गई थी, लेकिन किसानों के मुताबिक उन्हें मुनाफा नहीं दिया गया। इसके बाद निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराई गई। किसानों का आरोप है कि जांच में दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा सामने आया। इस मामले में सेक्टर-39 थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। किसानों का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक उनकी रकम वापस नहीं की गई है। इसी को लेकर सोमवार को किसान गार्डन गैलेरिया मॉल के बाहर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। कानून-व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर किसानों से बातचीत कर रहे हैं। किसान रकम वापस कराने और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों की ओर से किसानों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)