नोएडा के फेस्टिवल सिटी प्रोजेक्ट में निवेशकों से धोखाधड़ी:88 निवेशकों की रकम नहीं लौटाने पर 6 निदेशकों के खिलाफ केस
मेरठ की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने नोएडा के सेक्टर-143 स्थित फेस्टिवल सिटी (मिस्ट एवेन्यू) प्रोजेक्ट में धोखाधड़ी के आरोप में छह निदेशकों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप है कि 88 निवेशकों से करोड़ों रुपये लेने के बाद उनकी रकम नहीं लौटाई गई और तय समय में निर्माण भी पूरा नहीं किया गया। आरोपियों में बाइक बोट घोटाले के मुख्य आरोपी पुनीत भसीन के परिजन और करीबी शामिल हैं।
ईओडब्ल्यू के डिप्टी एसपी जितेंद्र सिंह कालरा ने शासन से अनुमति मिलने के बाद केस दर्ज कराया। जांच में सामने आया कि नोएडा विकास प्राधिकरण ने 2008 में मैसर्स आनंद इंफो प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-143 में आईटी से जुड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान बनाने के लिए एक लाख वर्ग मीटर जमीन दी थी। 2012 में जमीन सेक्टर-143बी में आवंटित की गई और निर्माण का नक्शा भी पास हुआ।
इसके बाद मिस्ट एवेन्यू प्राइवेट लिमिटेड, मिस्ट डायरेक्ट सेल्स प्राइवेट लिमिटेड और आनंद इन्फो एज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों ने फेस्टिवल सिटी योजना शुरू की। निवेशकों से कहा गया था कि तय समय में दुकानें और ऑफिस बनाकर उन्हें सौंप दिए जाएंगे। आरोप है कि कंपनियों ने करोड़ों रुपये जुटाए, लेकिन प्रोजेक्ट पूरा नहीं किया और निवेशकों की रकम भी नहीं लौटाई।
शिकायतों के बाद शासन ने जांच ईओडब्ल्यू को सौंपी। जांच में विवादित जमीन पर आंशिक निर्माण मिला। 88 निवेशकों के साथ धोखाधड़ी के सबूत मिलने पर सात निदेशकों की भूमिका सामने आई। इनके नाम क्वेंसी भसीन, हरप्रीत सिंह छाबड़ा, विनोद कुमार, युवराज अरबोला, सरबजीत सिंह साहनी और रितेश गुप्ता हैं।
हालांकि, सतिंदर सिंह भसीन उर्फ मोंटू भसीन के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया गया है। उसने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। अदालत ने कानूनी कार्रवाई से पहले अनुमति लेने का आदेश दिया है।
ईओडब्ल्यू ने आईपीसी की धारा 420 और 120बी के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डिप्टी एसपी जितेंद्र सिंह कालरा के मुताबिक, नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)