पॉक्सो एक्ट पर जागरूकता शिविर:मथुरा के डीपीएस में बच्चों को समझाया 'गुड और बैड टच' का अंतर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) मथुरा रिफाइनरी में POCSO अधिनियम 2012 पर एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुराग शर्मा और डीआईओएस राघवेंद्र सिंह सहित अन्य न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिला जज विकास कुमार ने 'गुड टच' और 'बैड टच' का अंतर समझाया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि किसी भी अनुचित व्यवहार पर चुप रहने के बजाय तुरंत अभिभावकों या शिक्षकों को इसकी जानकारी दें। वहीं, अपर जिला जज अनुराग शर्मा ने बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल सतर्कता और उत्पीड़न के खिलाफ बने कड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर बाल अधिकारों और सुरक्षित स्पर्श के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों के बीच एक चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मक कलाकृतियों के जरिए प्रभावी संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेंद्र सिंह ग्रेवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए इस आयोजन को बच्चों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)