फिरोजाबाद कलेक्ट्रेट में गांधी-शास्त्री जयंती पर डीएम ने झाड़ू लगाया:अधिवक्ताओं के साथ की सफाई; बोले-स्वच्छता एक दिन का अभियान नहीं, रोजमर्रा की आदत बनाएं
फिरोजाबाद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया गया। सुबह सात बजे जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में वृहद श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। डीएम समेत प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुद झाड़ू थामकर परिसर की साफ-सफाई की। अभियान में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, उपजिलाधिकारी धर्मवीर भारती समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। सभी ने श्रमदान करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में सफाई की। अधिकारियों ने लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया कि स्वच्छता सिर्फ सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के साथ डीएम ने की सफाई कलेक्ट्रेट में श्रमदान के बाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा न्यायालय परिसर पहुंचे। यहां आयोजित स्वच्छता अभियान में उन्होंने अधिवक्ताओं के साथ मिलकर श्रमदान किया। प्रशासनिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं की संयुक्त भागीदारी से सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। डीएम बोले-स्वच्छता को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाएं डीएम संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि स्वच्छता को किसी एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसे दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना होगा। सार्वजनिक स्थलों को साफ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। कूड़ा न फेंकें, आसपास के लोगों को भी करें जागरूक डीएम ने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। जहां गंदगी दिखाई दे, वहां जिम्मेदार लोगों को जागरूक करें और अपने आसपास के स्थानों को साफ रखने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती पर लिया गया स्वच्छता का संकल्प तभी सार्थक होगा, जब साफ-सफाई की आदत पूरे वर्ष कायम रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)