फर्जी बैनामा और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, युवक ने सुसाइड नोट में बताई थी वजह
बांदा में जमीन का जबरन और कथित फर्जी तरीके से बैनामा कराने तथा एक व्यक्ति को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित आरोपी को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने इसकी जानकारी सोमवार रात 8:10 बजे प्रेस नोट जारी कर दी। पुलिस के अनुसार, खाईपार निवासी आशमा ने कोतवाली नगर थाने में शिकायत दी थी। आरोप था कि उनके पति निसार अहमद के नाम जमीन थी, जिसे कुछ लोगों ने बिना रुपये का लेन-देन किए दबाव बनाकर अपने नाम करा लिया था। आरोप है कि इस दौरान निसार अहमद के साथ गाली-गलौज और धमकी भी दी जाती थी। परिजनों के अनुसार, लगातार दबाव और उत्पीड़न से परेशान निसार अहमद ने 6/7 अप्रैल 2025 की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला था। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए और सुसाइड नोट को परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फारूख अली पुत्र अहमद अली निवासी खूंटी चौराहा, अलीगंज, बांदा की मामले में संलिप्तता पाई। इसके बाद पुलिस ने फारूख अली को 28 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उनके संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। विवेचना में जिन आरोपियों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)