फतेहपुर में 600 बीघा खेत जलमग्न:फसल बर्बादी की आशंका, DM से जल निकासी की मांग

Sep 30, 2026 - 12:34
0
फतेहपुर में 600 बीघा खेत जलमग्न:फसल बर्बादी की आशंका, DM से जल निकासी की मांग
यूपी के फतेहपुर में लगातार हुई भारी बारिश के कारण सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम शाखा स्थित बघेला हार क्षेत्र में करीब 600 बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। खेतों में लंबे समय से पानी भरा होने के कारण धान,बाजरा समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है। जलभराव के चलते फसल सड़ने की स्थिति में पहुंच गई है, वहीं खेतों से पानी न निकलने के कारण किसानों के लिए अगली फसल की बुवाई भी मुश्किल हो गई है। जिसको लेकर बुधवार के दिन किसान गुरु सिंह परिहार की अगुवाई में 10 बजकर 30 मिनट ओर कलेक्ट्रेट परिसर पहुचे शाखा गांव के सैकड़ों किसानों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया और तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी खेतों से बाहर नहीं निकल पा रहा है। इससे किसानों की खड़ी फसल के पूरी तरह नष्ट होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चक मार्ग एवं नाली पर किए गए अवैध कब्जों के कारण भी जल निकासी प्रभावित हो रही है। उन्होंने संबंधित स्थानों से अवैध कब्जे हटवाकर नाली की खुदाई कराने तथा पानी की निकासी सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस दौरान राजीव सिंह परमार, सरल सिंह परमार, डॉ. विनीत सिंह गौर, रामकुमार सिंह गौर, दीपक सिंह परमार, राहुल सिंह परमार, अंतिम सिंह गौतम समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे। किसानों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए अविलंब कार्रवाई कराने की मांग की, ताकि शेष फसल को बचाया जा सके और जलभराव से प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User