पीएम-सीएम की प्रतिमाएं लेकर लखनऊ पैदल निकले भाजपा नेता:संभल से शुरू हुई पदयात्रा, सीएम योगी को दोनों प्रतिमाएं भेंट करने का संकल्प

Sep 30, 2026 - 16:58
0
पीएम-सीएम की प्रतिमाएं लेकर लखनऊ पैदल निकले भाजपा नेता:संभल से शुरू हुई पदयात्रा, सीएम योगी को दोनों प्रतिमाएं भेंट करने का संकल्प
संभल में जिला मुख्यालय से करीब 28 किलोमीटर दूर गुन्नौर तहसील क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव से बुधवार दोपहर भाजपा नेता बिजेंद्र सिंह यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिमाएं लेकर लखनऊ के लिए पैदल रवाना हुए। उन्होंने सजी-धजी ठेली पर दोनों प्रतिमाओं को रखा है। बिजेंद्र सिंह यादव का कहना है कि वह लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोनों प्रतिमाएं सप्रेम भेंट करेंगे। ठेली पर राम और हनुमान के चित्र भी लगाए बिजेंद्र सिंह यादव ने बुधवार दोपहर करीब दो बजे पदयात्रा शुरू की। ठेली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिमाओं के साथ प्रभु श्रीराम और संकटमोचन हनुमान के चित्र भी लगाए गए हैं। यात्रा शुरू होने के दौरान डीजे की धुनों के साथ जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगाए गए। पदयात्रा देखने के लिए आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। कुछ देर के लिए क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने दिखाई हरी झंडी भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं जुनावई के पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिव्य प्रकाश यादव ने मौके पर पहुंचकर पदयात्रा को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने बिजेंद्र सिंह यादव का उत्साह बढ़ाया। दिव्य प्रकाश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यों से प्रेरित होकर कार्यकर्ता इस तरह के संकल्प ले रहे हैं। बदायूं के रास्ते लखनऊ जाने का प्रस्तावित मार्ग बिजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वह दोनों प्रतिमाओं को ठेली पर लेकर पैदल लखनऊ तक जाएंगे। प्रस्तावित यात्रा धनारी क्षेत्र से होते हुए बदायूं जिले के बिसौली, इस्लामनगर और बिल्सी से बदायूं पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा लखनऊ की ओर बढ़ेगी। लंबी दूरी की इस यात्रा के दौरान प्रतिमाओं को सुरक्षित रखते हुए पैदल सफर करने की तैयारी की गई है। पुलिस की निगरानी में शुरू हुई यात्रा पदयात्रा के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। थाना धनारी के चौकी प्रभारी विकास यादव और कांस्टेबल योगेश पुलिस बल के साथ यात्रा के दौरान मौजूद रहे। पीएम मोदी और सीएम योगी की प्रतिमाओं के साथ शुरू हुई यह पदयात्रा गुन्नौर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User