प्लाटिंग करने वालों को मिलेगी राहत:GDA उपाध्यक्ष जल्द करेंगे बैठक, मानक पूरा करने वाले प्लाटर्स का लेआउट पास होगा
शहर के बाहरी क्षेत्रों में प्लाटिंग करने वालों के साथ गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) संवाद स्थापित करेगा। उनको भी वैध करने की कोशिश होगी। जो प्लाटर्स मानकों का पालन करेंगे, उनके ले आउट भी पास किए जाएंगे। नए नियमों में न्यूनतम क्षेत्रफल को लेकर कोई शर्त नहीं है। जितनी भी जमीन हो, उसी के अनुपात में सड़क, नाली जैसी आधारभूत सुविधाएं देनी होंगी। इसको लेकर जल्द ही लगभग 120 से अधिक कालोनाइजर्स के साथ उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल बैठक करेंगे। शहर के बाहरी क्षेत्रों में धड़ल्ले से प्लाटिंग की जा रही है और लोग उसमें जमीन भी खरीद रहे हैं। इसकी शिकायत GDA के पास भी आ रही है। जिसके बाद GDA ऐसी प्लाटिंग को ध्वस्त करने में लगा है। किसी भी प्लॉटर के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं है। नियम के मुताबिक बिना लेआउट पास कराए कोई प्लॉटिंग नहीं कर सकता। ऐसा करने पर प्लॉटिंग को अवैध माना जाएगा और उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा। प्राधिकरण की ओर से कई प्लॉटिंग को ध्वस्त भी किया गया है। प्लॉटर की समस्याएं जानेंगे उपाध्यक्ष
आमतौर पर प्लॉटिंग करने वालों की शिकायत होती है कि उनपर एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। उनकी बातें नहीं सुनी जातीं। इस शिकायत को दूर करने के लिए पहली बार प्राधिकरण में उपाध्यक्ष उनके साथ बैठक करने जा रहे हैं। बैठक को लेकर कोई तिथि तय नहीं की गई है लेकिन जल्द ही यह बैठक होने की संभावना है। बैठक में प्लॉटर की समस्याएं पूछी जाएंगी। वे लेआउट क्यों पास नहीं करा पाते, इसकी भी जानकारी ली जाएगी। जो समस्याएं हैं, उसे दूर कराकर लेआउट पास कराने को कहा जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि बहुत से प्लॉटर को इस बात की जानकारी नहीं होती कि लेआउट पास कराने के लिए क्या जरूरतें हैं। बैठक के माध्यम से उन्हें यह बताया जाएगा कि किन शर्तों को पूरा करने के बाद लेआउट पास कराया जाता है। आमतौर पर जो प्लाटिंग की जाती है, उसमें एक पतला रास्ता दे दिया जाता है। उन्हें बताया जाएगा कि मानक के अनुरूप रास्ता व नाली की सुविधा दी जाएगी तो लेआउट पास हो सकेगा और ऐसा होने पर उनके जमीन की कीमत भी बढ़ सकेगी। GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने कहा कि प्लाटिंग करने वालों के साथ जल्द ही बैठक की जाएगी। बैठक में उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और इस बात के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा कि वे बिना लेआउट पास कराए प्लाटिंग न करें। जहां व्यवधान होगा, उसे दूर करके उनके लेआउट पास कराने का रास्ता निकाला जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)