पल्लवी पटेल बोलीं- विपक्ष चुनाव-आयोग को अनायास नहीं घेर रहा:कहा- आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे तो जवाबदेही तय हो; जौनपुर की 3 सीटों पर तैयारी

Sep 29, 2026 - 15:48
0
पल्लवी पटेल बोलीं- विपक्ष चुनाव-आयोग को अनायास नहीं घेर रहा:कहा- आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे तो जवाबदेही तय हो; जौनपुर की 3 सीटों पर तैयारी
जौनपुर में अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और सिराथू विधायक पल्लवी पटेल मंगलवार को जौनपुर पहुंचीं। दोपहर करीब 2 बजे मीडिया से बातचीत में उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, युवाओं के रोजगार, राम मंदिर से जुड़ी रिपोर्ट और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग को अनायास नहीं घेर रहा है, बल्कि आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल पूछ रहा है। पल्लवी पटेल ने कहा कि चुनाव आयोग लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संस्था है। लोकतंत्र को बनाए रखने और स्थापित करने में आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। अगर उसकी कार्यप्रणाली और दायित्व निर्वहन पर सवालिया निशान लगते हैं तो लोकतंत्र में रहते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कैसे बचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष आयोग से वाजिब सवाल पूछ रहा है। उनके मुताबिक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह उठ रहे सवालों का जवाब दें और अपनी जिम्मेदारी की जवाबदेही तय करें। चुनाव आयोग को लेकर हाल के दिनों में SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर भी राजनीतिक दलों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। रोजगार के मुद्दे पर सरकार पर साधा निशाना युवाओं के रोजगार के सवाल पर पल्लवी पटेल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में बैठी सरकार का कोई प्रतिनिधि पकौड़ा तलने या पकौड़ी बनाने को कमाई का साधन बताता है और उसी सरकार के उपमुख्यमंत्री युवाओं से ई-रिक्शा चलाने की बात कहते हैं तो इससे युवाओं के प्रति सरकार की सोच का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और सम्मानजनक नौकरी की जरूरत है। उनके मुताबिक नौकरी से जुड़ा गर्व और सम्मान भी महत्वपूर्ण है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाने चाहिए। राम मंदिर रिपोर्ट को लेकर भी उठाए सवाल राम मंदिर से संबंधित रिपोर्ट का जिक्र करते हुए पल्लवी पटेल ने कहा कि जिन लोगों पर आरोप थे, उन्हें क्लीन चिट दे दी गई। उन्होंने इसे लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके अनुसार इस मामले में आरोप लगाने वाले और क्लीन चिट देने वाले एक ही पक्ष के लोग हैं। जौनपुर की तीन विधानसभा सीटों पर तैयारी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल (कमेरावादी) जौनपुर की मड़ियाहूं, मुंगरा बादशाहपुर और मछलीशहर विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में पार्टी पहले से संगठनात्मक स्तर पर काम करती रही है और करीब तीन दशक से इन क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश करती रही है। उन्होंने कहा कि 2027 के लिए इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन सबसे ज्यादा मेहनत करेगा। बोलीं- समान विचारधारा वाले लोगों के साथ आने की उम्मीद गठबंधन के सवाल पर पल्लवी पटेल ने कहा कि किसी के साथ गठबंधन बिना विचार मिले नहीं होता। उन्होंने सामाजिक न्याय को स्थापित करने और हर समाज को जाति से ऊपर उठकर सम्मान, अधिकार और अवसर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की विचारधारा सामाजिक न्याय और समान अधिकार के मुद्दों पर अपना दल (कमेरावादी) से मेल खाती है, ऐसे लोग जल्द साथ आएंगे। उन्होंने कहा कि इसका जवाब आने वाले समय में सामने होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User