सोनभद्र में 2 क्विंटल 850 ग्राम गांजा बरामद,2 तस्कर गिरफ्तार:फर्जी नंबर प्लेट लगी XUV कार से ओडिशा से महोबा ले जा रहे थे
सोनभद्र पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 850 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा XUV के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई गई है। वाहन, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट समेत कुल बरामदगी की कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन में मामले का खुलासा किया। चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश, घेराबंदी कर पकड़ा एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि पिपरी पुलिस टीम 30 सितंबर की रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रात करीब 10:45 बजे रनटोला-मुर्धवा मार्ग पर एक महिंद्रा XUV आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर पिछली सीट के नीचे और डिग्गी में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 195 पैकेट मिले। पैकेटों में कुल 2 क्विंटल 850 ग्राम गांजा बरामद हुआ। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कर रहे थे तस्करी पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली। मौके से दो मोबाइल फोन और दो नंबर प्लेट भी बरामद की गईं। पुलिस का कहना है कि चेकिंग से बचने के लिए तस्करी में इस्तेमाल वाहन पर अलग-अलग नंबर प्लेट लगाई जाती थीं। बरामद वाहन और अन्य सामान को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। ओडिशा से महोबा पहुंचाते थे गांजा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश अहिरवार (23), निवासी बजरंग चौक, गांधीनगर, महोबा और महिपाल पाल (23), निवासी कबरई, महोबा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर महोबा पहुंचाते थे। प्रत्येक खेप पहुंचाने के बदले उन्हें 20-20 हजार रुपए मिलते थे। आरोपियों ने इससे पहले भी एक-दो बार गांजे की खेप पहुंचाने की बात बताई है। पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस पिपरी थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और संबंधित बीएनएस धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि गांजे की खेप ओडिशा में कहां से हासिल की जाती थी और महोबा में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)