प्रयागराज में 7 ACP लेकर सड़क पर उतरे Ad. CP:सिविल लाइंस के 10 चौराहों पर एक साथ घेरी गईं ब्लैक फिल्म लगी लग्जरी कारें
प्रयागराज में ब्लैक फिल्म वाली लग्जरी गाड़ियों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया। बृहस्पतिवार शाम एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजयपाल शर्मा खुद 7 एसीपी के साथ सड़कों पर उतर गए। सिविल लाइंस के 10 प्रमुख चौराहों पर एक साथ चेकिंग शुरू हुई तो ब्लैक फिल्म चढ़ाकर घूम रहे वाहन चालकों में खलबली मच गई। करीब दो घंटे चले अभियान में दो दर्जन से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई की गई। कई गाड़ियों के शीशों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म नोची गई और चालान काटे गए। पुलिस ने चेतावनी दी कि दोबारा ब्लैक फिल्म लगाकर सड़क पर निकले तो और सख्त कार्रवाई होगी। 10 चौराहों पर एक साथ पुलिस का घेरा
बुधवार शाम करीब छह बजे सिविल लाइंस में पुलिस का विशेष अभियान शुरू हुआ। एडिशनल सीपी ने सात एसीपी स्तर के अधिकारियों को अलग-अलग चौराहों पर तैनात किया। सुभाष चौराहा, हॉट स्टफ, एकलव्य, पत्थर गिरजाघर, यात्रिक समेत करीब 10 प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने एक साथ वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। अचानक अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की घेराबंदी देखकर ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों में सवार लोगों में हलचल मच गई। पुलिस टीमों ने खास तौर पर उन वाहनों को रोककर जांच की, जिनके शीशों पर काली फिल्म लगी थी। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, फिर पकड़े गए
चेकिंग के दौरान कुछ वाहन सवार पुलिस को देखकर निकलने की कोशिश करते भी नजर आए। हालांकि पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को देखकर घबरा जाने की बात कही। इसके बाद वाहनों की जांच की गई। शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म मौके पर ही उतरवाई गई और नियम के मुताबिक चालान किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को दोबारा ऐसा न करने की सख्त हिदायत भी दी। रोड रेज और मारपीट के इनपुट के बाद एक्शन
पुलिस अधिकारियों को इनपुट मिला था कि शाम होते ही कुछ संदिग्ध लोग ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों से सिविल लाइंस इलाके में घूमते हैं। ब्लैक फिल्म के कारण वाहन के अंदर बैठे लोगों की पहचान मुश्किल होती है। पुलिस को यह भी इनपुट मिला था कि ऐसी कुछ गाड़ियों में घूमने वाले लोग रोड रेज और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। इसी सूचना के बाद पुलिस ने शाम के समय विशेष चेकिंग अभियान चलाने का फैसला लिया। खुद सड़क पर मौजूद रहकर लिया जायजा
अभियान की निगरानी एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजयपाल शर्मा ने खुद की। वह सात एसीपी के साथ सड़क पर उतरे और अलग-अलग स्थानों पर चल रही चेकिंग का जायजा लेते रहे। अभियान में एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रामाश्रय यादव और टीआई मनोज कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। दो घंटे में दो दर्जन से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई
शाम छह बजे शुरू हुआ अभियान रात करीब आठ बजे तक चला। इस दौरान दो दर्जन से अधिक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कई वाहनों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म हटवाई गई और चालान किया गया। एडिशनल सीपी ने कहा कि वाहनों के शीशों पर नियमों के विपरीत ब्लैक फिल्म लगाना नियमविरुद्ध है। ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुधवार की कार्रवाई के बाद भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)