प्रयागराज में स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना:23 अक्टूबर को 152 बूथों पर मतदान, 900 से अधिक कर्मियों की ड्यूटी
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए प्रयागराज में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैरी लूकस कॉलेज से सुबह आठ बजे पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हुई। बसों से रवाना हो रहीं टीमें मतदान सामग्री लेकर अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचेंगी। रवानगी की प्रक्रिया दोपहर बाद तक चलने की जानकारी दी गई है। जिले में 23 अक्टूबर को मतदान कराने के लिए 152 बूथ बनाए गए हैं। मतदान कर्मी केंद्रों के आसपास रात बिताएंगे और शुक्रवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू कराएंगे। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियां मैरी लूकस कॉलेज में जमा कराई जाएंगी, जहां से उन्हें मतगणना के लिए झांसी भेजा जाएगा। हर बूथ पर चार कर्मियों की टीम, मजिस्ट्रेट भी तैनात निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन के लिए जिले में 900 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक बूथ पर चार मतदान अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे। मतदान की निगरानी और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए 15 जोनल मजिस्ट्रेट और 50 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं। इसके अलावा माइक्रो ऑब्जर्वर और रिजर्व टीम की व्यवस्था की गई है। पोलिंग पार्टियों को मतदान की प्रक्रिया और जिम्मेदारियों के बारे में पहले ही जानकारी दी जा चुकी है, ताकि केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी न हो। बैलेट बॉक्स से डाले जाएंगे वोट स्नातक एमएलसी चुनाव में ईवीएम के बजाय पारंपरिक मतपेटियों का इस्तेमाल किया जाएगा। पोलिंग पार्टियों को रवाना करते समय बैलेट बॉक्स, अमिट स्याही, मतदाता सूची और मतदान से जुड़ी जरूरी स्टेशनरी उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ मतदान केंद्रों पर रहेगी निगरानी मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने की तैयारी है। इस चुनाव में भाजपा और सपा के बीच मुकाबले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी बनी हुई है। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 10 जिले शामिल हैं। इनमें प्रयागराज का मतदाता दायरा सबसे बड़ा बताया गया है। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय में वैध पहचान पत्र के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। स्नातक मतदाताओं को मतदान के लिए अवकाश इस चुनाव में केवल पात्र स्नातक मतदाता ही वोट डाल सकेंगे। सरकारी विभागों या निजी संस्थानों में कार्यरत ऐसे मतदाताओं को 23 अक्टूबर को मतदान के लिए अवकाश दिए जाने की जानकारी दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)