हरदोई में आधी रात हाईवे पर निकला अजगर:वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू, प्राकृतिक आवास में छोड़ा
हरदोई जनपद में कछौना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक विशालकाय अजगर के दिखने से हड़कंप मच गया। पुलिस, वन विभाग और सर्प मित्र की सतर्कता से अजगर को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया और प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। कछौना क्षेत्र के रेंजर विनय जादौन ने गुरुवार की सुबह 10:30 बजे जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना मंगलवार आधी रात के बाद की है। हरदोई के कछौना क्षेत्र में लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर टूटियारा के पास ग्रीन बेल्ट और डिवाइडर पर मंगलवार की रात करीब 1:30 बजे एक अजगर दिखाई दिया। यह भारी-भरकम अजगर सड़क किनारे की हरित पट्टी और डिवाइडर के ऊपर बैठा हुआ था। रात के वक्त हाइवे से गुजरने वाले कुछ राहगीरों की नजर जब इस पर पड़ी, तो वहां हलचल मच गई। गश्त के दौरान कछौना पुलिस को भी इसकी जानकारी मिली। पुलिस ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल हरकत में आई और मौके के लिए रवाना हो गई। परिस्थितियों को भांपते हुए वन विभाग ने सर्प मित्र कुलदीप को भी मौके पर बुला लिया। सर्प मित्र कुलदीप ने अपनी सूझबूझ और पूरी सावधानी के साथ इस भारी-भरकम अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेंजर के अनुसार घटना आधी रात की थी इसलिए भीड़ नहीं जुट पाई और टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। अजगर को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)