प्रयागराज में युवा संसद में गूंजे जातिगत जनगणना के सवाल:छात्रों ने डिजिटल सुरक्षा और शिक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर भी पूछे तीखे सवाल
प्रयागराज के चौधरी महादेव प्रसाद (सी.एम.पी.) महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को संसदीय कार्य मंत्रालय की ओर से 18वीं 'राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता-2026' का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देश की संसदीय प्रणाली, जन-जवाबदेही और लोकतांत्रिक मूल्यों की व्यावहारिक समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। शासी निकाय के अध्यक्ष व पूर्व मेयर चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल ने अपने संसदीय अनुभवों को साझा करते हुए पक्ष और विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति अपनी जवाबदेही को संसद में प्रभावशाली ढंग से रखना चाहिए। सदन की कार्यवाही का सजीव मंचन
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने पूर्ण परिपक्वता के साथ लोकसभा की तर्ज पर शपथ ग्रहण, श्रद्धांजलि तथा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का मंचन किया। प्रश्नकाल के दौरान युवा सांसदों ने देश के गंभीर व संवेदनशील मुद्दों जैसे जातिगत जनगणना, अल्पसंख्यकों में शिक्षा से ड्रॉप-आउट, डिजिटल सुरक्षा तथा तकनीकी विकास पर तीखे और तथ्यात्मक सवाल दागे। विपक्षी सांसदों के तीखे सवालों के जवाब में सत्ता पक्ष के मंत्रियों ने नपे-तुले उत्तर दिए, वहीं 'स्पीकर' बने छात्र ने अनुशासन बनाए रखते हुए निष्पक्ष संचालन का परिचय दिया। संसदीय प्रणाली लोकतंत्र की आत्मा
विशिष्ट अतिथि प्रो. पंकज कुमार ने संसदीय व्यवस्था को लोकतंत्र की आत्मा बताया। ग्रुप कोऑर्डिनेटर प्रो. के. वेंकटेसन ने प्रतियोगिता की प्रक्रिया व उद्देश्यों को रेखांकित किया। प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को जिम्मेदार नागरिक और कुशल नेता बनाने में मील का पत्थर साबित होते हैं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के संवाद कौशल और नियमों के पालन की सराहना की तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। मंच संचालन डॉ. अनु श्री व धन्यवाद ज्ञापन संयोजिका रितु रघुवंशी ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ सरोज सिंह समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)