पत्नी ने कहा नहा-लो, पति ने खाया जहर:हरदोई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
हरदोई जनपद में सुरसा थाना क्षेत्र के सर्रा गांव में एक मामूली सी बात ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी। दावा पत्नी द्वारा केवल यह कह देने पर कि "कपड़े गंदे हैं, नहा लो," 27 वर्षीय ई-रिक्शा चालक मोनू ने आवेश में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब 9 बजे मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार, सर्रा गांव निवासी मोनू ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व 23 मई 2025 को देहात कोतवाली क्षेत्र के पंडित पुरवा गांव निवासी उपासना के साथ हुई थी। उपासना ने दावा किया कि शनिवार दोपहर शराब के नशे में मोनू जब घर लौटे तो उनके कपड़े कीचड़ में सने हुए थे और वह नशे की हालत में थे। उपासना ने उन्हें साफ-सुथरे कपड़े पहनने और नहाने की सलाह दी। इसी बात पर मोनू अपनी पत्नी से उलझ पड़े और विवाद शुरू हो गया। घर में कलह बढ़ता देख मोनू के बड़े भाई सोहेल ने बीच-बचाव कराने की कोशिश की, जिससे मोनू और अधिक नाराज हो गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा उपासना के मुताबिक, गुस्से में आकर मोनू ने कमरे के अंदर जाकर कोई जहरीला पदार्थ गटक लिया। कुछ देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां तथा चक्कर आने लगे। घबराए परिजन तुरंत उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार सुबह करीब 9 बजे इलाज के दौरान मोनू ने दम तोड़ दिया। चार भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर के मोनू की अचानक हुई इस मौत से उनकी पत्नी उपासना का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तरफ से फिलहाल किसी पर कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया गया है। परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)