रैगिंग रोकने के लिए कुलपति ने बुलाई बैठक:कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज में छात्रों से रैगिंग के बाद प्रशासन अलर्ट

Oct 01, 2026 - 16:33
0
रैगिंग रोकने के लिए कुलपति ने बुलाई बैठक:कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज में छात्रों से रैगिंग के बाद प्रशासन अलर्ट
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज अयोध्या में रैगिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार, एक अक्टूबर को विशेष बैठक बुलाई। कुलपति कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में विश्वविद्यालय की एंटी रैगिंग समिति और जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ रैगिंग रोकने के उपायों पर चर्चा की गई। कुलपति ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रैगिंग करते हुए पकड़े जाने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। विश्वविद्यालय परिसर में रैगिंग पर प्रतिबंध है और प्रशासन की ओर से इस पर निगरानी भी की जा रही है। इसके बावजूद परिसर से बाहर कुमारगंज कस्बे में दो दिन पूर्व कुछ छात्रों के साथ रैगिंग का मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन सतर्क हो गया है। घटना के बाद विद्यार्थियों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि रैगिंग में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित छात्र के खिलाफ विश्वविद्यालय प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा। बैठक में कुलपति ने एंटी रैगिंग समिति और संबंधित अधिकारियों को रैगिंग की रोकथाम के लिए सतर्कता बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के बीच जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में पढ़ाई के लिए आने वाले सभी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी विद्यार्थी के साथ दुर्व्यवहार या रैगिंग की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखने और रैगिंग जैसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। प्रशासन का प्रयास है कि विश्वविद्यालय परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों के बीच ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। बैठक में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी और सभी महाविद्यालयों के अधिष्ठाता मौजूद रहे। अधिकारियों ने रैगिंग रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को नियमों के प्रति जागरूक करने के संबंध में चर्चा की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User