रामपुर के गांवों में पशुओं का इलाज और टीकाकरण जारी:सेवा संकल्प अभियान के तहत 5 मोबाइल यूनिट और 14 टीमें दे रहीं सुविधाएं
रामपुर में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत पशुपालन विभाग गांवों में पशुओं का इलाज और टीकाकरण कर रहा है। शुक्रवार दोपहर तक जिले में पांच मोबाइल वेटरनरी यूनिट और 14 पशु अस्पतालों की टीमें पशुपालकों को सुविधाएं दे रही हैं। इन शिविरों में पशुओं की जांच, इलाज, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और बधियाकरण जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। मोबाइल वेटरनरी यूनिट रोज दो गांवों में शिविर लगा रही हैं। ये शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 2 बजे से 6 बजे तक चलते हैं। शिविर में आने वाले पशुओं की जांच के बाद उन्हें जरूरत के हिसाब से इलाज और दवाएं दी जा रही हैं। पशुपालकों को जरूरी दवाएं मुफ्त में भी मिल रही हैं। अभियान के दौरान पशुपालकों को पशुपालन से जुड़ी नई जानकारी भी दी जा रही है। विभाग का खास जोर पशुओं को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण कराने पर है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि पशुओं को लंपी स्किन डिजीज और खुरपका-मुंहपका से बचाने के लिए खास टीकाकरण अभियान चल रहा है। एफएमडी टीकाकरण अभियान 30 सितंबर तक और एलएसडी टीकाकरण अभियान 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अगर गांव में टीम पहुंचने पर कोई पशु टीकाकरण से छूट जाता है, तो संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी और कर्मचारी उसका टीकाकरण करवाएंगे। पशुपालकों से अपील की गई है कि टीम के गांव पहुंचने पर अपने पशुओं का टीकाकरण जरूर कराएं और बीमार पशुओं का समय पर इलाज करवाएं। टीकाकरण के दौरान पशुओं की जानकारी आधार और मोबाइल नंबर से जोड़ी जा रही है। विभाग ने पशुपालकों से रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी जानकारी देने में सहयोग मांगा है। इस अभियान से विभाग गांवों में ही पशुपालकों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)