सहारनपुर में शादी का झांसा देकर बनाए अवैध संबंध:पीड़िता बोली-वीडियो से ब्लैकमेल किया; 10 लाख का लोन कराया, फिर मांगे 50 लाख, ससुरालियों पर FIR
सहारनपुर में शादी से पहले नशीला पदार्थ खिलाकर जबरन संबंध बनाने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। महिला थाना पुलिस ने पति समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पति ने पहले शादी के लिए दबाव बनाया, फिर उसकी सैलरी के आधार पर करीब 10 लाख रुपए का पर्सनल लोन कराया और रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। शादी के बाद ससुराल पक्ष ने उससे 50 लाख रुपए दहेज की मांग शुरू कर दी। महिला ने एसएसपी को दी शिकायत में पति, सास, ससुर और ननद पर मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और स्त्रीधन कब्जाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोल्ड ड्रिंक-स्नैक्स के बाद बेहोशी का आरोप, बनाया वीडियो महिला के अनुसार, पति से उसकी पहचान पहले से रिश्तेदारी के कारण थी। सितंबर 2024 में वह नोएडा स्थित उसके फ्लैट पर आया। महिला का आरोप है कि पति अपने साथ कोल्ड ड्रिंक और स्नैक्स लाया था। इन्हें खाने-पीने के बाद उसे नशा जैसा महसूस हुआ और वह कमजोर हो गई। इसी दौरान पति ने उसके साथ जबरन संबंध बनाए और वीडियो बना लिया। होश में आने के बाद विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि उसने पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की तो आरोपी ने माफी मांगने के बाद शादी करने का भरोसा दिया। परिवार की बदनामी का हवाला देकर उसे पुलिस कार्रवाई से भी रोका गया। ओमान से लौटकर मांगे 80 लाख, फिर 10 लाख का लोन शिकायत के मुताबिक, रोका होने के बाद आरोपी ओमान चला गया। अप्रैल 2025 में लौटने पर उसने महिला से 80 लाख रुपए मांगे। रकम देने में असमर्थता जताने पर विवाद हुआ। इसके बाद महिला की सैलरी के आधार पर करीब 10 लाख रुपए का पर्सनल लोन कराया गया। महिला का आरोप है कि लोन की रकम अलग-अलग तारीखों में पति के खाते में ट्रांसफर करा ली गई। इसके बाद भी पैसों की मांग जारी रही। अक्टूबर 2025 में शादी हुई। महिला के पिता के अनुसार, शादी में करीब 20 लाख रुपए खर्च हुए। आरोप है कि शादी के अगले दिन से ही 50 लाख रुपए नहीं मिलने को लेकर उसे ताने दिए जाने लगे। पति के ओमान जाने के बाद ससुराल वालों ने मांगे 5 लाख दिसंबर 2025 में पति के ओमान जाने के बाद महिला का आरोप है कि सास और ननद ने भी पैसों और सामान की मांग शुरू कर दी। जनवरी 2026 में मायके से 5 लाख रुपए मांगे गए। महिला के मुताबिक, 26 जनवरी को उसके पिता ने यह रकम ससुराल पक्ष को दी। इसके बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। विवाद बढ़ने पर 1 फरवरी को महिला के पिता उसे ससुराल से वापस ले आए। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि बाद में पति ने फोन पर अभद्रता की और उसके खाते में 25,391 रुपए भेजकर अपमानजनक टिप्पणी की। वॉशिंग मशीन, 51 हजार और जेवर को लेकर भी विवाद महिला ने आरोप लगाया कि मार्च में सास ने वॉशिंग मशीन की मांग की। मांग पूरी नहीं करने पर पति ने वीडियो कॉल पर उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद उसे कुछ दिनों के लिए ननद के पंचकूला स्थित घर भेजा गया, जहां घर का काम कराने का आरोप है। 24 मार्च को लौटने पर महिला ने सास पर धक्का-मुक्की और मारपीट का आरोप लगाया। ननद के पहली बार घर आने पर 51 हजार रुपए नहीं देने को लेकर भी उसे ताना दिया गया। सोने के कड़े-पायल उतरवाने का आरोप महिला के मुताबिक, 28 अप्रैल को वह कपड़े लेने ससुराल पहुंची थी। आरोप है कि सास ने उसके सोने के कड़े और पायल उतरवा लिए। महिला का कहना है कि उसके कपड़े, जेवर, शादी का सामान और अन्य स्त्रीधन अभी भी ससुराल पक्ष के पास है। शिकायत में पति द्वारा कुछ रकम वापस भेजने और बाद में करीब 1.71 लाख रुपए दोबारा अपने खाते में मंगाने का भी आरोप लगाया गया है। पंचायत में भी नहीं बनी बात, अब मुकदमा महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसकी मां को धमकी दी कि दोबारा घर आने पर उसे जिंदा जला देंगे। 11 जुलाई को छछरौली के एक रेस्टोरेंट में परिवार और परिचितों की मौजूदगी में समझौते की कोशिश हुई, लेकिन बात नहीं बनी। आरोप है कि पति ने महिला को साथ रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने 23 जुलाई को एसएसपी से शिकायत की। अब महिला थाना पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)