रामपुर में बारिश से धान की पकी फसल डूबी:दाना दोबारा उगने की आशंका, दर्जनों गांवों में किसानों को नुकसान; मुआवजे की तैयारी

Sep 27, 2026 - 14:29
0
रामपुर में बारिश से धान की पकी फसल डूबी:दाना दोबारा उगने की आशंका, दर्जनों गांवों में किसानों को नुकसान; मुआवजे की तैयारी
रामपुर में दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में कटाई के लिए तैयार धान की फसल पानी में डूब गई है। कई जगह पकी फसल जमीन पर गिर गई है। खेतों में पानी भरा होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि पानी में डूबी धान की बालियों में दाना दोबारा उगने लगा तो पूरी फसल खराब हो सकती है। रविवार को दैनिक भास्कर की टीम ने नारायणपुर, लालपुर बकेनिया समेत कई गांवों का जायजा लिया। खेतों में पानी भरा मिला और कई जगह धान की पकी फसल जमीन पर गिरी नजर आई। किसानों के मुताबिक शरबती और बासमती जैसी पक चुकी किस्मों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। पकी फसल पर बह रहा बारिश का पानी बकेनिया के किसान रामचंद्र ने बताया कि इस बार धान की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। खेत में पकी फसल के ऊपर पानी बह रहा है और लगातार बारिश हो रही है। जलभराव के कारण पानी की निकासी भी नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि अगर फसल इसी तरह पानी में डूबी रही तो खेत में ही धान के दाने दोबारा अंकुरित होने लगेंगे, जिससे फसल खराब हो जाएगी। एक किसान ने बताया कि करीब 80 प्रतिशत तक नुकसान की आशंका है। उन्होंने कहा कि एक एकड़ की धान की फसल के लिए करीब तीन हजार रुपये कटाई और इतने ही रुपये ट्रैक्टर से ढुलाई में खर्च होंगे। ऐसे में फसल से फायदा तो दूर, नुकसान की आशंका ज्यादा है। 'धान दिखाई तक नहीं दे रहा' किसान सावित्री ने बताया कि खेत में धान का कुछ पता ही नहीं चल रहा। पूरी फसल के ऊपर पानी बह रहा है। बुजुर्ग किसान रामवती ने कहा कि पानी इतना भर गया है कि धान की फसल बिल्कुल नजर नहीं आ रही है। वहीं किसान राजेश कुमार ने बताया कि फसल को खेत में छोड़ने पर भी नुकसान है और उसे खेत से निकालने पर भी नुकसान उठाना पड़ेगा। पानी में डूबी फसल को काटना और बाहर निकालना भी मुश्किल हो गया है। राजस्व टीमें कर रहीं नुकसान का आकलन जिला कृषि उपनिदेशक रामकिशन सिंह ने प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर राजस्व टीमें फसल नुकसान का आकलन कर रही हैं। उनके मुताबिक पकी फसल के गिरने और खेतों में पानी भरने से नुकसान ज्यादा हुआ है। डीएम अजय द्विवेदी ने भी राजस्व टीमों को बारिश से हुए फसल नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक आकलन के आधार पर किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User