रामपुर में दो दोस्तों की ट्रक की टक्कर से मौत:बरेली के सिरौली के रहने वाले थे, एक की 6 महीने और दूसरे की 2 साल पहले हुई थी शादी
रामपुर के शाहबाद-सिरौली मार्ग पर सोमवार रात अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों बरेली जिले के सिरौली कस्बे से शाहबाद में खाना खाने आए थे। रात करीब 10:30 बजे उनकी बाइक को किसी अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों के शव रामपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए। मंगलवार सुबह परिजन भी मोर्चरी पहुंच गए। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में मातम छा गया। दो साल पहले हुई थी तालिब की शादी मृतकों की पहचान सिरौली निवासी तालिब (28) और बिलाल के रूप में हुई है। तालिब पशुओं के व्यापार का काम करते थे, जबकि बिलाल मजदूरी करके परिवार चलाते थे। दोनों आपस में दोस्त थे और सोमवार रात बाइक से शाहबाद खाना खाने आए थे। इसी दौरान शाहबाद-सिरौली मार्ग पर अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बिलाल के बड़े भाई मेविश ने मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे मोर्चरी में बताया कि तालिब नौ भाइयों में पांचवें नंबर पर थे। उनके पिता मजदूरी करते हैं। तालिब की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। परिवार में जल्द खुशखबरी आने वाली थी, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। छह महीने पहले हुई थी बिलाल की शादी बिलाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। दोनों दोस्तों की अचानक मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। घर के कमाने वाले युवकों की मौत से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि शाहबाद-सिरौली मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। वाहन का पता लगने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)