मारपीट में सिर की हड्डी टूटी, युवती एसपी ऑफिस पहुंची:पुलिस पर हल्की धाराओं में FIR दर्ज करने और थाना प्रभारी पर मिलीभगत का आरोप
कानपुर देहात में जमीन के विवाद में धारदार हथियार से हमले में गंभीर रूप से घायल युवती मंगलवार दोपहर 1 बजे अपने छोटे भाई के कंधे के सहारे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और इंसाफ की गुहार लगाई। पीड़िता का आरोप है कि हमले में उसके सिर की हड्डी तक टूट गई, लेकिन पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के बावजूद आरोपियों के खिलाफ हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पीड़िता ने थाना प्रभारी पर आरोपियों से साठगांठ और आर्थिक लाभ लेकर उन्हें बचाने का भी आरोप लगाया है। जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी हुई पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव के ही रामकुमार, उर्मिला, लक्ष्मी, अक्षय और आलोक के साथ जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। पीड़िता का दावा है कि आरोपियों ने जान से मारने के इरादे से उसके सिर पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और गंभीर चोटें आईं। घायल युवती को पहले स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल अकबरपुर रेफर किया गया। इसके बाद कानपुर के अस्पताल में भी उसका इलाज कराया गया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पीड़िता के अनुसार, मेडिकल जांच और सीटी स्कैन में सिर की हड्डी तक टूटने की पुष्टि हुई। गंभीर चोटों के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अपेक्षाकृत हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने से वह नाराज है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि घटना के दिन ही शिकायत देने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला। उसने थाना प्रभारी पर आरोपियों से मिलीभगत कर उन्हें बचाने का आरोप लगाते हुए मुकदमे में धारा 109 बीएनएस बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब घायल अवस्था में एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता ने निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज़ है जो आरोप पीड़िता ने लगाए है उनकी भी जांच करा ली जाएगी जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर नियमनुसार कार्यवाही की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)