रामपुर में किसान मेले में पहुंचे 1400 किसान:दो किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी, 60 स्टॉल पर कृषि तकनीक और योजनाओं की जानकारी
रामपुर के सद्भावना केंद्र पनवड़िया में सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत आयोजित तीन दिवसीय विराट किसान मेले के दूसरे दिन बुधवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक करीब 1400 किसानों ने प्रतिभाग किया। मेले में किसानों को उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि प्रदर्शनी में कृषि समेत विभिन्न विभागों और निजी संस्थानों के 60 स्टॉल लगाए गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने कृषि प्रदर्शनी का किया अवलोकन कार्यक्रम में नगर विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, मिलक विधायक राजबाला सिंह और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष मोहन लाल सैनी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया और दीप प्रज्वलित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने किसानों को दी जा रही तकनीकी जानकारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रों और बीजों पर अनुदान, सोलर पंप समेत विभिन्न योजनाओं के जरिए किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रयास कर रही है। मिट्टी की जांच और वैज्ञानिक खेती पर जोर मिलक विधायक राजबाला सिंह ने किसानों से वैज्ञानिक और उन्नत तकनीक अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने मिट्टी की जांच कराने और फसल में पोषक तत्वों की कमी दूर करने पर जोर दिया। दो किसानों को सौंपी ट्रैक्टर की चाबी सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए चार-चार लाख रुपए के अनुदान से लाभान्वित दो किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। इनमें ग्राम उस्तौरिया की ववन कौर और ग्राम गदया नसीमगंज के रजविंदर सिंह शामिल हैं। किसानों को 10 मटर बीज मिनीकिट भी निशुल्क वितरित किए गए। रबी फसलों की तैयारी और प्राकृतिक खेती की जानकारी उप कृषि निदेशक राम किशन सिंह ने विभागीय योजनाओं और फार्मर रजिस्ट्री की जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिकों ने रबी फसलों की तैयारी, उन्नत बीज, पोषक तत्व प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, फसल अवशेष प्रबंधन और पादप सुरक्षा के बारे में किसानों को जानकारी दी। 8 जिलों से पहुंचे किसान मेले में आठ जनपदों के किसानों ने प्रतिभाग किया। कृषि, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, बैंकिंग, प्राकृतिक खेती और मिलेट्स समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉल पर किसानों को संबंधित योजनाओं और कृषि से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)