सभासदों ने पालिका की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली, VIDEO:भ्रष्टाचार और कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
उन्नाव में नगर पालिका की कार्यप्रणाली, कथित भ्रष्टाचार और पारदर्शिता के अभाव के आरोपों को लेकर छह सभासदों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सभासदों ने नगर पालिका की प्रतीकात्मक अर्थी बनाकर नारेबाजी की। इसके बाद धूपबत्ती जलाकर पालिका को प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि दी। सभासदों ने चेतावनी दी कि मांगों पर उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो उनका धरना अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। शहर के 32 वार्डों में से छह सभासदों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। बुधवार को धरने के दूसरे दिन सभासदों ने विरोध का अलग तरीका अपनाते हुए पालिका की अर्थी तैयार की। इसे लेकर काफी देर तक नारेबाजी की गई। सभासदों ने पालिका प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
बंधूहार वार्ड के सभासद राजेंद्र भारती ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में पड़ाव अड्डों के टेंडर बार-बार कथित रूप से चहेती फर्म को दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पालिका कर्मचारियों को वर्ष 2024 के शासनादेश के आधार पर वेतन का भुगतान किया जा रहा है, जबकि वर्ष 2026 के शासनादेश के अनुसार वेतन दिया जाना चाहिए। सभासदों ने वेतन भुगतान की व्यवस्था की भी जांच कराने की मांग की। सभासदों का कहना है कि पूर्व में नगर पालिका प्रशासन को दिए गए ज्ञापन में पांच प्रमुख बिंदु उठाए गए थे, लेकिन अब तक उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि इन मामलों की जांच में दोष सिद्ध होने के बावजूद संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। इसी को लेकर सभासदों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
धरने पर बैठे सभासदों ने बोर्ड गठन के बाद उनके द्वारा उठाए गए कार्यों और प्रस्तावों पर जवाब नहीं दिए जाने का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि सभासदों की ओर से जनता से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर दिए गए प्रस्तावों पर पालिका प्रशासन को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। सभासद अमित सिंह बउवा ने कहा कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सभासद शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं। मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)