सड़क पर धान रोपकर कांग्रेस का प्रदर्शन:मयंक चौबे बोले- बारिश में काशी की सड़कें तालाब बन रहीं, स्थायी जलनिकासी की मांग

Sep 29, 2026 - 16:52
0
सड़क पर धान रोपकर कांग्रेस का प्रदर्शन:मयंक चौबे बोले- बारिश में काशी की सड़कें तालाब बन रहीं, स्थायी जलनिकासी की मांग
जलजमाव और बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पहाड़िया-बेनीपुर पोखरा स्थित शंकरपुरम कॉलोनी में विरोध प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जलजमाव वाली सड़क पर धान रोपकर नगर निगम और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि सड़क पर इतना पानी भर गया है कि अब यहां सड़क और खेत में अंतर नहीं रह गया है। प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं उत्तरी विधानसभा प्रभारी मयंक चौबे ने किया। उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और सड़कों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। जलजमाव वाली सड़क पर रोपा धान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शंकरपुरम कॉलोनी में पानी से भरी सड़क के बीच पहुंचकर धान की रोपाई की। कार्यकर्ताओं ने इसे विरोध का प्रतीक बताया। उनका कहना था कि बारिश के बाद सड़क पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसी समस्या को सामने लाने के लिए सड़क पर ही धान रोपकर विरोध किया गया। मयंक चौबे बोले- काशी में बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं महानगर कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं उत्तरी विधानसभा प्रभारी मयंक चौबे ने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद काशी की स्थिति बदहाल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के बावजूद जनता जलजमाव, खराब सड़कों और जलनिकासी की समस्या से परेशान है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में लंबे समय से भाजपा का नगर निगम पर कब्जा है। महापौर, सांसद और विधायक भाजपा के हैं और प्रदेश सरकार में भी भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद बारिश में लोगों को जलजमाव से जूझना पड़ रहा है। स्मार्ट सिटी के दावों पर उठाए सवाल मयंक चौबे ने कहा कि काशी को स्मार्ट सिटी और विश्वस्तरीय शहर बनाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश होते ही कई इलाकों में सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। आम नागरिकों, व्यापारियों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को जलजमाव के बीच से आवागमन करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र की ऐसी तस्वीर विकास के दावों पर सवाल खड़ा करती है। विधायक, मंत्री और नगर निगम के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि जनता से विकास के दावे करते हैं, लेकिन जलनिकासी जैसी बुनियादी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। महापौर पर भी साधा निशाना मयंक चौबे ने महापौर अशोक तिवारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि काशी में बढ़ती अव्यवस्था, जलजमाव और बदहाल सड़कों की स्थिति को लेकर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान चाहती है। सड़क पर धान रोपकर किया गया प्रदर्शन सरकार और नगर निगम को यह संदेश है कि यदि जलजमाव से सड़कें खेत बन गई हैं तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर धान भी रोपेंगे और जनता की आवाज भी उठाएंगे। सभी जलजमाव वाले क्षेत्रों में समाधान की मांग कांग्रेस ने मांग की कि शंकरपुरम कॉलोनी समेत वाराणसी के सभी जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए। साथ ही खराब सड़कों की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User