सड़क पर गिरे बाइक सवार को ट्रक ने कुचला:सिर के ऊपर से निकला पहिया, परिवार के इकलौते कमाने वाले की मौत
इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे आगरा-कानपुर हाईवे की सर्विस रोड पर हादसा हो गया। मानिकपुर मोड़ स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने ई-रिक्शा ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार जावेद उर्फ भूरे (35) सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक का पहिया उनके ऊपर से निकल गया। हादसे में सराय खाम, जसवंतनगर निवासी जावेद की मौके पर ही मौत हो गई। भुगतान लेने जा रहे थे जावेद जावेद बाइक से जसवंतनगर से पक्का बाग-मानिकपुर मोड़ स्थित कबाड़ व्यापारी आकाश के यहां भुगतान लेने जा रहे थे। सर्विस रोड पर पेट्रोल पंप के सामने ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हेलमेट नहीं पहना था हादसे में जावेद के सिर में गंभीर चोट आई। बताया गया कि हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था। पीछे दूसरी बाइक से आ रहे पंकज पुत्र विनोद ने हादसा देखकर पुलिस और परिवार को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा सूचना मिलते ही इकदिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है। 10 साल से कांशीराम कॉलोनी में रह रहे थे जावेद करीब 10 साल से मॉर्डन तहसील के पास स्थित कांशीराम कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे। वह कबाड़ की दुकान पर मजदूरी करते थे और परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। परिवार में पत्नी राबिया बेगम और चार बेटियां अलसिफा, आयत, अलीशा और मायसा हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)