शाहजहांपुर में बारिश के दौरान कच्ची दीवार गिरी:मलबे में दबे व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, भैंस को चारा डालते समय हुआ हादसा
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के बरनई गांव में बारिश के दौरान कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर घायल हुए ग्रामीण की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। सुखपाल यादव (53) शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे अपनी भैंस को चारा डाल रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में सुखपाल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक शनिवार सुबह बारिश हो रही थी। सुखपाल घर के पास भैंस को चारा डालने गए थे। इसी दौरान पड़ोसी की कच्ची दीवार अचानक गिर गई और वह मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले गए परिवार और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सुखपाल को बाहर निकाला। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उन्हें इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने भर्ती कर उपचार शुरू किया। रविवार सुबह इलाज के दौरान तोड़ा दम सुखपाल के बेटे अमन यादव ने बताया कि उनके पिता की उम्र 53 साल थी। हादसे के बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रोजा थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्र ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से मेमो मिलने के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)