शैलेश गौतम के परिवार से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल:1 लाख रुपए की आर्थिक मदद; पुलिस ने पहले रोका, बाद में कराई मुलाकात

Sep 26, 2026 - 17:19
0
शैलेश गौतम के परिवार से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल:1 लाख रुपए की आर्थिक मदद; पुलिस ने पहले रोका, बाद में कराई मुलाकात
प्रतापगढ़ में पुलिस हिरासत में शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन की मौत के मामले में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे समाजवादी पार्टी का 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। पुलिस ने प्रतिनिधिमंडल को रास्ते में रोक दिया। बाद में डाक बंगले में परिवार से मुलाकात कराई गई। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को आर्थिक मदद के तौर पर एक लाख रुपए का चेक सौंपा। मामले में सपा ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। रानीगंज और पट्टी विधायक भी रहे शामिल प्रतिनिधिमंडल में रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा और पट्टी विधायक राम सिंह पटेल समेत सपा के नेता और पदाधिकारी शामिल रहे। नेताओं ने परिवार से घटना की जानकारी ली और उन्हें आर्थिक मदद दी। सपा ने इस मुलाकात की रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को देने की बात कही है। आरके वर्मा ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा ने कहा कि पुलिस हिरासत में मौत के बाद किसी दूसरे परिवार को मुकदमे में वादी बनाए जाने से सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना था कि जांच में किसी निर्दोष को सजा नहीं मिलनी चाहिए और दोषी बचना नहीं चाहिए। उन्होंने नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने की कार्रवाई का भी विरोध किया। राम सिंह पटेल बोले- फॉरेंसिक जांच हो पट्टी विधायक राम सिंह पटेल ने कहा कि शैलेश गौतम की मौत पट्टी कोतवाली के अंदर हुई, जबकि मुकदमे में दूसरे परिवार को वादी बनाया गया है। उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की। परिजनों से मिलने से रोकने का किया विरोध सपा नेताओं ने जनप्रतिनिधियों को पीड़ित परिवार से मिलने से रोकने की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने को देखते हुए मौके पर दो सीओ समेत करीब आधा दर्जन थाना प्रभारी और पुलिस बल तैनात रहा। प्रतिनिधिमंडल में विधायक डॉ. आरके वर्मा, विधायक राम सिंह पटेल, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, पूर्व विधायक नागेंद्र यादव, वकार अहमद, मनीष पाल समेत सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस हिरासत में हुई थी युवक की मौत शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन की 22 सितंबर को पट्टी कोतवाली परिसर में मौत हुई थी। पुलिस के मुताबिक, उसे एक किशोरी से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए लाया गया था और उसने कोतवाली के शौचालय में फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं परिवार ने पुलिस पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था। मामले में पट्टी कोतवाल और विवेचक को निलंबित किया जा चुका है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User