सहारनपुर में भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पलटीं...दो मौत:आगे निकलने की थी होड़, रुड़की-पंचकूला मार्ग पर झबीरण कट के पास हादसा, 4 घायल
सहारनपुर में थाना सरसावा क्षेत्र के रुड़की-पंचकूला मार्ग पर शनिवार को झबीरण कट के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। भूसे से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरीं। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के गांव दनियालपुर नोजली निवासी गुलजार (35) और वसीम (30) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पंजाब से हरिद्वार जा रही थीं जानकारी के मुताबिक, दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भूसा भरा हुआ था। दोनों वाहन पंजाब से भूसा लेकर हरिद्वार की तरफ जा रहे थे। झबीरण कट के पास पहुंचने पर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के चालकों के बीच एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित होने के बाद ट्रॉली सड़क किनारे स्थित खाई में पलट गई। पीछे से आ रही दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और वह भी खाई में जा गिरी। भूसे के नीचे दब गए लोग, मची अफरातफरी दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे में कई लोग भूसे के नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना सरसावा पुलिस, क्षेत्राधिकारी नकुड़ और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद भूसे में दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। बचाव कार्य के दौरान दो लोगों की हालत गंभीर मिली। चिकित्सकों ने गुलजार और वसीम को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार घायलों को उपचार के लिए पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव परिजनों को सौंपे हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे। थाना सरसावा अध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतकों के परिजनों ने मामले में किसी तरह की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों शवों को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और बचाव दल ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)